नगर निगम की नेशनल लोक अदालत: करदाताओं में दिखा उत्साह, फूलों से हुआ स्वागत

उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम उज्जैन द्वारा शनिवार, 14 मार्च को शासन के निर्देशानुसार सभी जोनल कार्यालयों में नेशनल लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया। इस वित्तीय वर्ष की अंतिम लोक अदालत होने के कारण शहर के जागरूक करदाताओं में अपनी जिम्मेदारी निभाने के प्रति खासा उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में नागरिकों ने जोनल कार्यालयों में पहुँचकर अपने बकाया संपत्ति कर और जलकर की राशि जमा की और अधिभार (सरचार्ज) में दी जा रही विशेष छूट का लाभ उठाया।

डिजिटल सुविधा से समय की बचत

निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के निर्देशन में इस बार करदाताओं की सुविधा के लिए सभी जोनों में मशीनों के माध्यम से डिजिटल भुगतान की व्यवस्था की गई थी। इस आधुनिक तकनीक से करदाता काफी खुश नजर आए, क्योंकि इससे न केवल प्रक्रिया पारदर्शी हुई बल्कि उनके समय की भी काफी बचत हुई। लोक अदालत के दौरान एक सुखद दृश्य तब देखने को मिला जब जोनल अधिकारियों ने बड़े बकायादारों द्वारा समय पर कर जमा करने पर उनका पुष्पमाला पहनाकर स्वागत और सम्मान किया।

महापौर ने किया जोन क्रमांक 5 का निरीक्षण

महापौर मुकेश टटवाल ने शनिवार को विभिन्न जोनों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विशेष रूप से जोन क्रमांक 05 का निरीक्षण किया और वहां उपस्थित नागरिकों से चर्चा की। महापौर ने शहरवासियों से अपील की कि वे इस अंतिम अवसर का लाभ उठाएं और लोक अदालत के माध्यम से अपना बकाया कर जमा कर नगर विकास में सहभागी बनें।

इस अवसर पर एमआईसी सदस्य रजत मेहता, जितेंद्र कुवाल, जोन अध्यक्ष पुरुषोत्तम मालवीय सहित निगम के विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। लोक अदालत के माध्यम से निगम को बड़े स्तर पर राजस्व की प्राप्ति हुई है।

Next Post

विक्रमोत्सव 2026: गुमानदेव हनुमान गढ़ी पर गूंजे वेद मंत्र, 400 बटुकों के बीच हुई अनूठी अंत्याक्षरी

Sat Mar 14 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। उज्जयिनी के प्रतापी राजा विक्रमादित्य की स्मृति में आयोजित ‘विक्रमोत्सव 2026’ के अंतर्गत शनिवार को अवंतिका नगरी एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव की साक्षी बनी। महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ, स्वराज संस्थान संचालनालय और मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पीपलीनाका रोड स्थित ऐतिहासिक गुमानदेव हनुमान गढ़ी पर […]

Breaking News