नगर निगम के साधारण सम्मेलन में हंगामा

कपिला गोशाला मामले में कांग्रेस के धरना भाजपा की नारेबाजी, सदन स्थगित

उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम का साधारण सम्मेलन भारी हंगामे और विरोध के चलते 12 सितंबर तक स्थगित हो गया है। शाम सवा छह बजे सदन में कपिला गोशाला मामले को लेकर कांग्रेस के सदन में धरने से हंगामा शुरू हो गया। भाजपा पार्षद भी आसंदी के सामने आ गए और नारेबाजी करने लगे। दोनों दलों की नारेबाजी को शांत करने के लिए तमाम कोशिशें विफल होने से पर सभापति कलावति यादव ने सदन को स्थगित कर दिया। इसके बाद भी करीब 10 मिननट तक दोनों दल नारेबाजी करते रहे।

करीब 12 बजे शुरू हुए निगम सम्मेलन में शुरूआत के प्रस्ताव को स्वीकृति मिलती रही। जैसे ही नगर निगम के सफाई कर्मचारी के सेवानिवृत्त होने पर परिजन को परंपरागत रूप से आउट सोर्स के माध्यम से रखे जाने का प्रस्ताव आया। उस पर प्रतिपक्ष नेता रवि राय ने आपत्ति लेते हुए कहा कि एमआईसी ने यह प्रस्ताव सदन से स्वीकृति के लिए क्यों भेजा है। इस बात पर संशय हो रहा है। क्योंकि एमआईसी खुद ही कर्मचारी को नियुक्त कर सकती है और उससे काम ले सकती है।

सदन से आउट सोर्स के माध्यम से कर्मचारियों को रखे जाने के प्रस्ताव को पास करवाने का कोई औचित्य नहीं है। ठेकेदार कर्मचारियों को रखेगा या नहीं। कर्मचारियों को आउट सोर्स के भरोसे क्यों छोड़ा जा रहा है। जबकि निगम में काम करने वाला कर्मचारी उनका है और उसके परिवार को परपंरागत रूप से काम पर रखा जाता रहा है। राय ने कहा कि निगम का बोर्ड और कर्मचारी संगठन से चर्चा करके इस मामले पर फैसला लिया जाना चाहिए।

उन्होंने कर्मचारी नेता रामचंद्र कोरट का नाम लिया तो पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने आपत्ति लेते हुए कहा कि जो सदन में नहीं है उसका नाम नहीं लिया जाना चाहिए। इस मामले पर भारी हंगामा हो गया। बाद में अध्यक्ष ने कांग्रेस नेताओं के विरोध के चलते सदन को आधा घंटे के लिए स्थगित कर दिया था। बाद में सदन की फिर से कार्रवाई शुरू होने पर प्रस्ताव को एमआईसी को वापस लौटा दिया गया। अब एमआईसी ही मामले में फैसला करेगी।

नमामि गंगे के मामले में विरोध प्रदर्शन और बहिष्कार

शिप्रा को गंदे पानी से बचाने के लिए भैरवगढ़ में नमामि गंगे प्रजोक्ट के तहत ट्रीटमेंट प्लांट को लगाने को लेकर कांग्रेस ने प्रजोक्ट को बिना विचार किए स्वीकृति दिए जाने का विरोध किया। कांग्रेस नेता रवि राय ने इस मामले में कहा कि तकनीकि पक्ष का जानकारी सदन को इस प्रोजेक्ट से अवगत कराए। इस पर जलकार्य विभाग के प्रभारी प्रकाश शर्मा बोलने लगे तो रवि राय ने उन्हें रोकते हुए कहा कि वे तकनीकि जानकारी से प्रोजेक्ट के विषय में जानना चाहते हैं।

वहीं अपर आयुक्त आरएस मंडलोई ने कहा कि उन्होंने बीई किया है। परन्तु सदन में पार्षदों ने उनकी बात नहीं मानी। भाजपा के पार्षद रम्मू दुबे, गब्बर भाटी, सुशील श्रीवास, योगेश्वरी राठौर, शिवेंद्र तिवारी आदि ने प्रस्ताव को पास करने की मांग की। इस बात को लेकर दोनों ही दल के नेता आमने -सामने हो गया। कांग्रेस ने भाजपा पर बोलने से रोकने का आरोप लगाते हुए सदन का बष्हिकार कर दिया। भाजपा ने इस प्रस्ताव को पास कर दिया।

भाजपा पार्षद ही चौराहे के नामकरण को लेकर उलझे

साधारण सभा के सम्मेलन में शांति होटल चौराहे के नामकरण को लेकर भाजपा के पार्षद र मू दुबे और नीलम कालरा के बीच कहासुनी हो गई। रम्मू दुबे ने कहा कि वे बडऩगर रोड जाने वाले चौराहे का नाम परसुराम के नाम से करने का प्रस्ताव रखते हैं। वहीं पार्षद नीलम कालरा का कहना है कि उस चौराहे का नाम गुरु गोविंद सिंह के नाम पर रखा जा चुका है। इसलिए वे इस प्रस्ताव का विरोध करती हैं और नाम नहीं बदला जाएगा। इसको लेकर सदन में भाजपा की किरकिरी हुई और कांग्रेस नेता चुप्पी साधते हुए दोनों को उलझते देखते रहे।

माया और राय को भाजपा पार्षदों ने किया टारगेट

साधारण सभा के सम्मेलन में बुधवार को कांग्रेस के कई पार्षद नदारत थे। वहीं पूरे सदन में रवि राय, माया त्रिवेदी, अर्पित दुबे ही भाजपा पार्षदों से लोहा लेते रहे। जबकि भाजपा से र मु दुबे, प्रकाश शर्मा, गब्बर भाटी, योगेश्वरी राठौर, सत्यनारायण चौहान, रजत मेहता, सुशील श्रीवास, शिवेंद्र तिवारी, वीजू कुशवाह आदि कांग्रेस पार्षदों के आरोप का जबाव देते रहे और उनकी विरोध की रणनीति को कामयाब नहीं होने देने के लिए लामबंद रहे।

भाजपा पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने कहा कि जब तक कांग्रेस विधानसभा टिकट का फैसला नहीं कर देती है तब तक सदन में हंगामा होता रहेगा, क्योंकि माया त्रिवेदी और रवि राय दोनों ही दावेदार हैं।

चौराहे के नामकरण करने के लिए 10 से ज्यादा प्रस्ताव

नगर निगम में चौराहे के नामकरण करने को लेकर दस से ज्यादा प्रस्ताव और पूरक प्रस्ताव आए हैं। इनमें वार्ड 42 की अंजली बालकृष्ण पटेल के प्रस्ताव दशहरा मैदान का नाम राजाभाऊ महाकाल, अलकापुरी उद्यान का नाम पूर्व विधायक स्व. भूरेलाल फिरोजिया के नाम पर करने, सेठी नगर टेलीफोन आफिस के पास वाले मैनरोड का नाम पूर्व पार्षद स्व रजनी कोटवानी के नाम पर करने की स्वीकृति सदन में हो गई है।

कांग्रेस से ज्यादा भाजपा पार्षदों ने सदन में पूछे सवाल

इस बार साधारण सभा में निगम के अफसरों से भाजपा पार्षदों ने ज्यादा सवाल पूछे। वहीं माया त्रिवेदी ने उनके सवाल का जबाव नहीं मिलने की बात कही तो अफसर बगले झांकने लगे। इससे पहले नजमा बी के सवाल के जबाव पर सदन में बताया गया था कि उनके सवाल का जबाव उन्हें भेज दिया गया और सभापति ने कहा कि उनको जबाव मिल गया है इसकी रिसिप्ट भी निगम के पास है। जबकि नजमा बी का कहना था कि उन्हें जबाव नहीं मिला है।

Next Post

राज्य स्तरीय कराते प्रतियोगिता में खिलाडिय़ों ने जीते पदक

Wed Sep 6 , 2023
पदक प्राप्त विजेता खिलाडिय़ों का किया सम्मान उज्जैन, अग्निपथ। एससीकेएफआई राज्य स्तरीय कराते प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें विजेता पदक प्राप्त खिलाडिय़ों का सम्मान किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में निगमायुक्त रोशन सिंह, विशेष अतिथि गिरीश जायसवाल अध्यक्ष लघु उद्योग भारती, आनंद पंड्या चेयरमैन अक्षत इंटरनेशनल […]

Breaking News