44 से 40 तक पहुंचा तापमान, 15 के बाद होगी मानसून की एंट्री
शाजापुर, अग्निपथ। नवतपा की भीषण गर्मी झेलने के बाद शहरवासियों को अब तपन से राहत मिलने लगी है। ठंडी हवाएं राहत देने लगी है। नवतपा में 44 से 45 डिग्री चल रहा तापमान भी 40 डिग्री तक पहुंच चुका है। अब शहरवासियों को मानसून का इंतजार है जिसकी एंट्री शहर में 15 जून तक हो सकती है।
नवतपा से पहले भी गर्मी से शहरवासी खासे परेशान थे और सुबह से लेकर शाम तक तेज धूप व गर्म हवाएं लोगों पर भारी पड़ रही थी। 2 जून तक नवतपा की गर्मी में तपने के बाद अब मौसम करवट बदलने लगा है। जिसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सुबह भी गर्मी का एहसास कम हो रहा है तो शाम को भी सूरज ढलने के बाद ठंडी हवाएं गर्मी से राहत दे रही है। यही नही रात का तापमान भी 27 डिग्री तक पहुंच गया है जिसके आगामी दिनों में और कम होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 40.2 और न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री दर्ज किया गया।
कहीं बारिश, कहीं ठंडी हवाएं दे रही राहत
जिले में कहीं-कहीं हल्की बारिश का दौर भी शुरू हो चुका है। हालांकि शहर में अभी तक बारिश नहीं हुई है जिससे फिलहाल लोगों के पसीने छूट रहे हैं। लेकिन जिले में मंगलवार को भी कई स्थानों पर तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई। ग्राम लीमा चौहान में तेज हवा व गरज-चमक के साथ बारिश हुई। जहां बिजली की चपेट में आने से एक किसान व एक मजदूर घायल हो गए। उपचार के दौरान किसान की मौत हो गई। जबकि मजदूर को गंभीर हालात में शाजापुर रैफर किया गया हैै।
15 जून तक दस्तक दे सकता है मानसून
मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि मानसून तेजी से बढ़ रहा है जो जल्द ही मध्यप्रदेश में प्रवेश कर सकता है। यदि सब कुछ सही रहा तो आगामी 15 जून से मानसूनी गतिविधियां शुरू हो जाएगी जिससे मौसम में ठंडक घुलेगी ओर चुभती जलती गर्मी से राहत मिलेगी।
15 मिनट की बारिश से मौसम में घुली ठंडक
नलखेड़ा, अग्निपथ। नगर में 15 मिनट की हुई रिमझिम बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई। इस बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली वहीं बारिश थमने के बाद लोग उमस से परेशान हो गये। मंगलवार शाम 6 बजे के लगभग मानसून पूर्व की 15 मिनट हुई बारिश से सडक़ों पर पानी बह निकला। उसके बाद ठंडी ठंडी हवाएं चलने से कुछ देर के लिए गर्मी से राहत मिली।
मौसम खुशनुमा हो गया। जिसका आनंद लेने के लिए लोग अपनी छत पर जा पहुंचे लेकिन बारिश थमने के बाद निकली भाप एवं उमस से लोगों के हाल बेहाल हो गए। नगर में इस वर्ष मानसून पूर्व की पहली बारिश हुई।
