उज्जैन, अग्निपथ। नीलगंगा थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर में एक रेस्टोरेंट संचालक के साथ मारपीट कर 20,000 रुपये लूटने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में शामिल तीन नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनका एक साथी फिलहाल फरार है। पकड़े गए सभी आरोपी नशे के आदी हैं और शौक पूरा करने के लिए वारदातों को अंजाम देते थे।
न्यू इंदिरा नगर निवासी रमेशचंद्र जैन (62 वर्ष) का राजेंद्र नगर में रेस्टोरेंट है। चार दिन पहले सिगरेट खरीदने के बहाने आए चार अज्ञात युवकों ने उनका मुँह दबाकर मारपीट की और गल्ले में रखे 20,000 रुपये लूटकर भाग निकले थे। पुलिस ने क्षेत्र के 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों की पहचान संजय नगर, टेढ़ी खजूर और न्यू अशोक नगर निवासी के रूप में की। सोमवार देर रात तीन नाबालिगों को हिरासत में ले लिया गया, जिनसे पूछताछ जारी है।
