नागदा जंक्शन, अग्निपथ। उज्जैन-जावरा बायपास मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। गेहूं से भरे एक अनियंत्रित ट्राले ने बाइक सवार बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही जान चली गई। दुर्घटना के बाद गुस्साए लोगों ने स्टेट हाईवे नंबर 17 पर चक्काजाम कर दिया, जिसे पुलिस और प्रशासन ने काफी मशक्कत के बाद खुलवाया।
बाइक को घसीटते हुए ले गया ट्राला
जानकारी के अनुसार, गोल्डन केमिकल के पीछे झोपड़ी में रहने वाले गोपी बारोट शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे अपनी टीवीएस एक्सएल बाइक से बाजार जा रहे थे। इसी दौरान उज्जैन-जावरा बायपास पर आ रहे ट्राला नंबर आरजे-22-जीए-2516 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बुजुर्ग को रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि गोपी बारोट की तत्काल मौत हो गई, जबकि उनकी बाइक ट्राले के पहियों के बीच फंस गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मौत से गुस्साए लोगों ने हाईवे पर जाम, पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया
हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही तहसीलदार मधु नायक, पटवारी यशप्रतापसिंह भदौरिया, अमित पालीवाल और बिरलाग्राम व मंडी थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जब प्रदर्शनकारी समझाने से नहीं माने, तो पुलिस ने एक युवक को पकड़कर थाने भेज दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी पीछे हटे और आवागमन बहाल हो सका।
परिजनों को सौंपा गया शव
मौत के कुछ समय बाद चेतनपुरा निवासी जगदीश बारोट मौके पर पहुंचे और मृतक की शिनाख्त अपने काकाजी के रूप में की। पुलिस ने नगरपालिका के शव वाहन की मदद से बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
चालक हिरासत में, ट्राला जब्त
प्रत्यक्षदर्शियों और ग्राम डाबरी निवासी अंतरसिंह के अनुसार, ट्राला नागदा आईटीसी चौपाल सागर से गेहूं भरकर महिदपुर रोड की ओर जा रहा था और उसकी गति बहुत तेज थी। पुलिस ने ट्राले को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा करवा लिया है और चालक को राउंडअप (हिरासत में) कर लिया गया है।
