नलखेड़ा, अग्निपथ। सुसनेर तहसील के ग्राम देहरिया में एक मासूम नाबालिग छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ की शर्मनाक वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। इस जघन्य कृत्य के बाद ग्रामीणों का गुस्सा ज्वालामुखी बनकर फूट पड़ा। बुधवार को जब बालिका अपनी सहेली के घर से लौट रही थी, तभी रास्ते में घात लगाए बैठे आरोपी अफरोज ने उसके साथ घिनौनी और आपत्तिजनक हरकत की। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने बिजली की गति से एक्शन लेते हुए आरोपी को दबोच लिया और उस पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं सहित पॉक्सो एक्ट के तहत गंभीर मुकदमा दर्ज किया।
हाईवे पर महासंग्राम, चक्काजाम से थमी रफ्तार
गुरुवार को यह मामला तब और गरमा गया जब पीड़ित परिवार और आक्रोशित ग्रामीणों ने थाना प्रभारी और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के अवैध आशियाने को जमींदोज करने की मांग की। देखते ही देखते आक्रोश इतना बढ़ गया कि नेशनल हाईवे 552G पर ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की मीलों लंबी कतारें लग गईं और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मैदान में उतर आए। विहिप के क्षेत्रीय गौ रक्षा प्रमुख सोहन विश्वकर्मा ने प्रशासन को साफ चेतावनी दी कि जब तक न्याय नहीं होगा, प्रदर्शन जारी रहेगा।
प्रशासन का तगड़ा प्रहार: जमींदोज हुआ पाप का किला
बिगड़ते हालात और जनता के भारी दबाव के बीच एसडीओपी देवनारायण यादव, तहसीलदार राजेश श्रीमाल और थाना प्रभारी रामगोपाल वर्मा भारी पुलिस बल के साथ मोर्चे पर डटे रहे। तनाव को भांपते हुए प्रशासन ने त्वरित और कड़ा फैसला लिया। देखते ही देखते मौके पर जेसीबी मशीन बुलाई गई और भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच आरोपी अफरोज के अवैध अतिक्रमण पर बने मकान को मलबे के ढेर में तब्दील कर दिया गया। बुलडोजर चलते ही ग्रामीणों ने संतोष जताया और चक्काजाम समाप्त किया। फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और शांति बनी हुई है।
