पंजाब निकाय चुनाव : सनी देओल के लोकसभा क्षेत्र में भाजपा की करारी हार, सभी सीटों पर मिली मात

कई जगह भाजपा का खाता नहीं खुला

चंडीगढ़। पंजाब में नगर निकाय चुनाव की मतगणना शुरू हो चुकी है। पंजाब में अभी तक जो चुनावी नतीजे सामने आए हैं, उसमें कांग्रेस पहले नंबर पर, अकाली दल दूसरे नंबर पर, आम आदमी पार्टी तीसरे नंबर और भाजपा चौथे नंबर पर चल रही है। 2302 वार्डों के लिए कुल 9,222 उम्मीदवार मैदान में हैं। पहली बार चुनाव में 2832 निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि 2037 सत्ताधारी कांग्रेस के और 1569 अकाली दल के उम्मीदवार हैं। भाजपा के टिकट पर 1003, आप की ओर से 1606 और बसपा के 160 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। 

पंजाब निकाय चुनाव में भाजपा सांसद सनी देओल के लोकसभा क्षेत्र गुरदासपुर में सभी 29 सीटों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। सभी सीटों पर कांग्रेस ने परचम लहराया है।

मोगा में कांग्रेस को 20 सीटें
मोगा नगर निगम में  कुल 50 वार्ड में से  कांग्रेस ने 20 सीटें जीत ली हैं।  अकाली दल को 15, भाजपा को एक,  आप को 4 और आजाद को 10 सीटें मिली हैं। 

पठानकोट निगम में कांग्रेस का दबदबा
पठानकोट नगर निगम और सुजानपुर नगर काउंसिल में भी कांग्रेस का दबदबा कायम है। 

बठिंडा में भाजपा को कोई सीट नहीं 
बठिंडा की नथाना काउंसिल में आप को तीन सीटें मिली हैं। बाकी जगह आप का खाता भी नहीं खुल पाया है। भाजपा बठिंडा में कोई भी सीट नहीं जीत पाई। बहुजन समाज पार्टी को एक सीट भाईरूपा में जीत मिली है। फिरोजपुर में कांग्रेस के 33 उम्मीदवार जीत गए हैं। 

जीरकपुर में कांग्रेस को 19 सीटों पर जीत
जीरकपुर में कांग्रेस ने 19 सीटों पर जीत हासिल की है। अकाली दल को आठ सीटें मिली हैं। भाजपा का खाता भी नहीं खुल पाया है। 

कपूरथला में कांग्रेस को 44 सीट, भाजपा का खाता नहीं खुला
कपूरथला निगम की 50 सीटों में कांग्रेस ने 44 सीटें जीत ली हैं। आजाद को 2, अकाली दल को 3 सीट मिली हैं। एक सीट पर मुकाबला टाई रहा है। भाजपा और आप खाता नहीं खोल पाए हैं। 

तरनतारन में कस्बा पट्टी के नगर काउंसिल चुनाव में 19 वार्डों में से पांच वार्डों में कांग्रेस के प्रत्याशी बिना मुकाबला जीत गए थे। बाकी 14 वार्डों में हुए चुनाव में पार्टी ने कुल 10 वार्डो में जीत प्राप्त की है जबकि शिरोमणि अकाली दल ने 2 वार्डों में और आम आदमी पार्टी ने 2 वार्डों में जीत प्राप्त की है। पट्टी में अब कांग्रेस पार्टी 15 वार्डों में अपनी जीत दर्ज करा चुकी है।

Next Post

दिल्ली: सिंघु बॉर्डर पर एसएचओ पर जानलेवा हमला, आरोपी मुकरबा चौक से गिरफ्तार

Wed Feb 17 , 2021
नई दिल्ली। सिंघु बॉर्डर पर किसान आंदोलन में प्रदर्शनकारी ने दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी पर मंगलवार को जानलेवा हमला कर दिया और फिर वहां से फरार हो गया। हालांकि बाद में पुलिस ने उसे मुकरबा चौक से गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि मंगलवार रात 8.00 बजे हरप्रीत सिंह […]

Breaking News