उज्जैन, अग्निपथ। चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आगर रोड स्थित खिलचीपुर में रहने वाले एक युवक को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाली उसकी पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला लंबे समय से फरार चल रही थी, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 5000 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। इस मामले में आरोपी महिला का प्रेमी पहले ही सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।
क्या था पूरा मामला?
टी.आई. गजेंद्र पचौरी के अनुसार, यह घटना 18 जुलाई 2023 की है। संजय नगर निवासी सोनू सोनग्रा ने पुलिस को सूचना दी थी कि खिलचीपुर निवासी 45 वर्षीय राजकुमार ने अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक राजकुमार की पत्नी के सोनू सोनग्रा के साथ अवैध संबंध थे, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
प्रताड़ना से तंग आकर उठाया कदम
पुलिस जांच में पता चला कि सोनू सोनग्रा और मृतक की पत्नी मिलकर राजकुमार को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे और उसे आत्महत्या के लिए उकसा रहे थे। इसी प्रताड़ना से तंग आकर राजकुमार ने मौत को गले लगा लिया था। पुलिस ने जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 306 और 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया था। घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए प्रेमी सोनू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जो वर्तमान में जेल में है।
फरार पत्नी पर था 5000 का इनाम
राजकुमार की मौत के बाद उसकी पत्नी पुलिस की पकड़ से बचने के लिए फरार हो गई थी। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी थीं, लेकिन सफलता नहीं मिल पा रही थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर 5000 रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए मंगलवार को इस इनामी महिला को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
