सीहोर, अग्निपथ। सीहोर के मोतीबाबा मंदिर के पास मेन रोड पर शनिवार, 7 मार्च की रात लगभग 11 बजे एक दर्दनाक सडक़ दुर्घटना घटित हुई। एक तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप (क्रमांक एमपी-37-जी-1073) के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल सवार चार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार विवेक, अमित, धीरज और विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल सीहोर ले जाया गया। अस्पताल पहुँचने पर चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत अमित चौहान को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल विवेक चौहान को बेहतर उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया था, जहाँ हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान विवेक ने भी दम तोड़ दिया। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
कोतवाली पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक सुनील (48 वर्ष), निवासी हनुमान फाटक, सीहोर को अभिरक्षा में ले लिया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 146/2026 के तहत बीएनएस और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। मेडिकल जांच और साक्ष्यों के आधार पर मामले में ड्रिंक एंड ड्राइव (धारा 185 एमवी एक्ट) और गैर इरादतन हत्या (धारा 105 बीएनएस) की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
