पिपलौदा में लड़की को ले जाने की बात पर खूनी संघर्ष, रिश्तेदारों के दो गुटों में जमकर चले लाठी-डंडे

दोनों पक्षों के 8 लोग घायल, जिला अस्पताल में भर्ती

शाजापुर, अग्निपथ। जिले के सुनेरा थाना क्षेत्र के ग्राम पिपलौदा में एक पारिवारिक विवाद ने शुक्रवार देर रात हिंसक रूप ले लिया। लड़की को ले जाने की बात पर उपजे विवाद में रिश्तेदारों के दो गुट आधी रात को आपस में भिड़ गए। इस संघर्ष में लाठी-डंडों और लोहे की रॉड का जमकर इस्तेमाल हुआ, जिसमें दोनों पक्षों के कुल 8 लोग घायल हो गए। रात के सन्नाटे में मचे इस बवाल के बाद सभी घायलों को आनन-फानन में शाजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आधी रात को गाली-गलौज के बाद भड़का विवाद

जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब 11 से 12 बजे के बीच की है। घर के बाहर परिजनों में किसी लड़की को ले जाने के विषय पर बहस शुरू हुई थी, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर खूनी संघर्ष में बदल गई। इस मामले में एक पक्ष की ओर से संगीता राजपूत ने सुनेरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। संगीता के अनुसार, आरोपी लालसिंह, गोपाल और विशाल ने उनके पति होकमसिंह के साथ बेरहमी से मारपीट की। जब विवाद शांत कराने संगीता के भाई जितेंद्र और कमलसिंह मौके पर पहुंचे, तो उन पर लोहे की रॉड से हमला किया गया। बीच-बचाव करने आए अर्जुन सिंह को भी चोटें आई हैं।

दोनों पक्षों के लोग अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच जारी

इस हिंसक झड़प में दूसरे पक्ष के विशाल, गोपाल सिंह और लालसिंह भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। हालांकि, दूसरे पक्ष की ओर से अभी तक थाने में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। सुनेरा पुलिस ने संगीता राजपूत की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी के मुताबिक, फिलहाल दूसरे पक्ष की ओर से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है; शिकायत मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है।

Next Post

सिंहस्थ के पहले उज्जैन को मिलेगी हवाई अड्डे की सौगात

Sat Mar 28 , 2026
147 करोड़ की लागत के टेंडर अगले महीने खुलेंगे, 12 महीने में होगा तैयार उज्जैन, अग्निपथ। महाकाल की नगरी विकास की अविरल धारा ने अब उज्जैन के आकाश को छूने की तैयारी कर ली है। बाबा महाकाल के भक्तों और मालवा अंचल के निवासियों के लिए वह घड़ी निकट आ […]

Breaking News