प्रदीप सोनी ने सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष का संभाला कार्यभार, नगर सेवा का लिया संकल्प

सुसनेर, अग्निपथ। मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा जारी आदेश के बाद गुरुवार को प्रदीप बद्रीलाल सोनी ने नगर परिषद सुसनेर के अध्यक्ष पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। पद रिक्त होने के पश्चात हुई इस नियुक्ति से स्थानीय कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। पदभार ग्रहण करने से पूर्व प्रदीप सोनी ने अपने समर्थकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ नगर के प्राचीन श्री खेड़ापति हनुमान मठ मंदिर पहुँचकर हनुमान जी का पूजन-अर्चन किया और जीत का आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात एक भव्य जुलूस के रूप में वे नगर परिषद कार्यालय पहुँचे।

वरिष्ठ नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ पदभार ग्रहण

नगर परिषद कार्यालय में आयोजित गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान प्रदीप सोनी ने भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में अपना कार्यभार संभाला। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय, प्रदेश प्रतिनिधि दिलीप सकलेचा, पूर्व जिलाध्यक्ष चिंतामण राठौर, पूर्व विधायक बद्रीलाल सोनी, जिला महामंत्री रामेश्वर तेजरा व मयंक राजपूत, और जिला उपाध्यक्ष डॉ गजेंद्र सिंह चंद्रावत मुख्य रूप से उपस्थित रहे। साथ ही मीसाबंदी गोवर्धन शुक्ला, पूर्व मंडल अध्यक्ष महेश शर्मा और मण्डल अध्यक्ष डॉ सौरभ जैन ने भी नवीन दायित्व के लिए सोनी को बधाई दी। कार्यक्रम में मौजूद सभी वक्ताओं ने अपने संबोधन में आशा व्यक्त की कि नवीन नेतृत्व में सुसनेर नगर का चहुमुंखी विकास होगा और जनहित की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचेगा।

मैं अध्यक्ष नहीं, नगर सेवक के रूप में करूँगा काम

नवनियुक्त अध्यक्ष प्रदीप सोनी ने अपने प्रथम संबोधन में भावुक होते हुए संगठन और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि मुझे जनता और संगठन ने जिस विश्वास के साथ यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर मैं खरा उतरने का पूर्ण प्रयास करूँगा। उन्होंने घोषणा की कि वे स्वयं को नगर अध्यक्ष नहीं बल्कि एक ‘नगर सेवक’ मानते हैं और सभी के सहयोग से नगर के विकास कार्यों को गति देंगे। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने नगरवासियों से सुसनेर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की अपील की, जिससे उनके भविष्य की कार्ययोजना की स्पष्ट झलक देखने को मिली।

भव्य जुलूस और आतिशबाजी के साथ हुआ स्वागत

जुलूस के दौरान पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल रहा। जगह-जगह कार्यकर्ताओं और नागरिकों द्वारा साफा बांधकर और पुष्प मालाओं से नवनियुक्त अध्यक्ष प्रदीप सोनी एवं भाजपा पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान आतिशबाजी भी की गई। कार्यक्रम का कुशल संचालन सांसद प्रतिनिधि मुकेश हरदेनिया ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मंडल महामंत्री लखन सेन ने किया।

इस अवसर पर नलखेड़ा मण्डल अध्यक्ष पवन वेदिया, भाजपा नेता मुकेश लोढ़ा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रवेश गुप्ता, अजा मोर्चा पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ बीएस वर्मा, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष रियाज़ खान, सैनिक प्रकोष्ठ के सीताराम परमार, भूपेंद्र शास्त्री, जनपद उपाध्यक्ष बाबूलाल यादव, पूर्व नप उपाध्यक्ष अभय जैन सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Next Post

डोडा चूरा मामले में पूर्व भाजपा नेता समेत दो तस्करों को 14-14 साल का कारावास

Thu Mar 26 , 2026
ग्वालियर/रतलाम, अग्निपथ। मादक पदार्थों की तस्करी के एक गंभीर मामले में ग्वालियर की एनडीपीएस कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए रतलाम जिले के पूर्व भाजपा नेता विवेक पोरवाल और उसके साथी संदीप सिंह तोमर को 14-14 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। न्यायाधीश नवनीत कुमार वालिया की अदालत ने […]

Breaking News