बड़नगर, अग्निपथ। बड़नगर में सोमवार रात दंगल के आयोजन के बाद पुरानी रंजिश और हार-जीत के विवाद में खूनी संघर्ष हो गया। खंडवा से आए राष्ट्रीय स्तर के पहलवान राजेश प्रजापति के साथ आए यूट्यूबर अल्ताफ को तीन-चार लोगों ने चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, खंडवा निवासी अल्ताफ (36 वर्ष) पहलवान राजेश प्रजापति के साथ बड़नगर दंगल कवर करने आया था। दंगल में राजेश पहलवान का मुकाबला ललित कौशल पहलवान से हुआ, जिसमें राजेश ने ललित को चित कर दिया। इसी हार से उपजे द्वेष के चलते रात करीब 12 बजे आरोपी अनुराग, ललित, श्रवण और रोहित प्रजापति ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने राजेश पहलवान के सिर पर सरिए से वार किया, वहीं बीच-बचाव करने आए यूट्यूबर अल्ताफ को चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया। घायलों का उपचार जारी है।
कीटनाशक छिड़काव के बाद बिगड़ी मजदूर की तबीयत, अस्पताल में मौत
उज्जैन, अग्निपथ। पंवासा क्षेत्र में रहने वाले एक 55 वर्षीय मजदूर की सोमवार रात जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक राजेश (पिता उदयलाल बैतवाल) एक किसान के खेत पर मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात वह खेत में कीटनाशक दवा का छिड़काव करने के बाद घर लौटा था।
घर पहुँचते ही राजेश की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुँचे। यहाँ डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद राजेश ने दम तोड़ दिया। मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट करने के लिए मंगलवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पंवासा पुलिस मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है कि क्या मौत जहरीली दवा के प्रभाव से हुई है।
