धार, अग्निपथ। धार जिले की बदनावर तहसील में शुक्रवार तड़के अवैध शराब की तस्करी रोक रहे शराब कंपनी के कर्मचारियों पर जानलेवा हमला किया गया। तस्करों ने वाहन रोकने की बात पर विवाद करते हुए कर्मचारियों के साथ जमकर मारपीट की और उनके वाहन में तोड़फोड़ की। इस हमले में एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रैफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मामले की जांच में जुट गई है।
घेराबंदी के दौरान हमला, कर्मचारी को आई गंभीर चोट
शराब ठेकेदार कंपनी के कर्मचारियों को सूचना मिली थी कि रतलाम क्षेत्र से एक वाहन अवैध शराब भरकर बदनावर की ओर आ रहा है। शुक्रवार अलसुबह लेबड़-नयागांव फोरलेन पर बोराली बस स्टैंड के पास जैसे ही तस्करों का वाहन स्पीड ब्रेकर पर धीमा हुआ, कर्मचारियों ने उसे रोक लिया। इसी दौरान तस्करों ने कर्मचारियों पर हमला बोल दिया। शराब कंपनी से जुड़े राजेश जायसवाल ने बताया कि हमले में विशाल जायसवाल नामक कर्मचारी के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसकी हालत नाजुक होने पर उसे इंदौर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य कुछ कर्मचारियों को भी मामूली चोटें आई हैं।
सीसीटीवी में कैद हुई 20 मिनट तक चली गुंडागर्दी
इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। ग्राम बोराली के पास एक मकान में लगे कैमरे में कैद वीडियो के अनुसार, हमलावर करीब 20 मिनट तक सड़क पर तांडव मचाते रहे। फुटेज में हमलावरों को शराब कंपनी के वाहन में तोड़फोड़ करते और कर्मचारियों को पीटते हुए स्पष्ट देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि कर्मचारी इलाके में बाहरी शराब की अवैध बिक्री को रोकने के लिए निगरानी कर रहे थे, तभी यह विवाद हुआ।
पुलिस कर रही है वैधानिक कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण करवाया है। बदनावर थाना प्रभारी अमित सिंह कुशवाह ने बताया कि वाहन में तोड़फोड़ और मारपीट की घटना हुई है। घायलों की मेडिकल रिपोर्ट आना अभी शेष है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
