बारातियों से भरी बस पलटी, 18 लोग घायल

इंगोरिया, अग्निपथ। उज्जैन जिले के इंगोरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जहांगीरपुर के पास शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ इंदौर से खाचरौद की तरफ जा रही बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में कुल 18 लोग घायल हुए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां इन दिनों सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। बताया जा रहा है कि इसी दौरान ओवरटेक करने के प्रयास में बस चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे बस पलट गई। हादसे के वक्त बस में बड़ी संख्या में बाराती सवार थे।

हादसे की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अमला और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, इंगोरिया पहुंचाया गया, जहां सीएमएचओ, एसडीएम, एसडीओपी, बीएमओ और तहसीलदार सहित चिकित्सा अधिकारी मौजूद थे। चिकित्सकों द्वारा सभी घायलों को समय रहते उपचार दिया गया।

8 लोगों की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें उज्जैन रेफर किया गया है, जिनमें से 2 के सिर में गंभीर चोट बताई गई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव कार्य में स्थानीय लोगों ने अहम भूमिका निभाई और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। इसी वजह से कोई जनहानि नहीं हुई। घायलों में 13 महिलाएं, 4 बच्चे और 1 पुरुष शामिल हैं।

हादसे में घायल हुए लोग

घायलों में अलीना (16), गुलब शाह (26), शब्बो (35), शबाना (35), सलमा बी (55), मुस्कान (22), सन्ना बी (31), शाहनवाज (22), रानी (35), शिफा (12), आलिया (11), आलिया (11), परवेज (11), नौशाद बी (42), नारोबी (50), फिरदौस (13) और अली हसन (7) शामिल हैं। सभी का उपचार जारी है।

Next Post

बुजुर्ग महिला से ठगी, साढ़े 3 लाख रुपये के सोने के जेवरात पार

Fri Mar 27 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र स्थित जीरो पॉइंट ब्रिज के नीचे ढांचा भवन क्षेत्र में शुक्रवार शाम 6.30 बजे एक बुजुर्ग महिला से ठगी की वारदात हो गई। दो बदमाशों ने बातों में उलझाकर 60 वर्षीय महिला से सोने के करीब 3.5 लाख रुपये कीमत के गहने उतरवा लिए। […]
chain snatching