नलखेड़ा, अग्निपथ। तहसील क्षेत्र के ग्राम गुजरखेड़ी स्थित प्रसिद्ध बालाजी मंदिर में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा न होने से ग्रामीणों में भारी असंतोष व्याप्त है। सोमवार को बड़ी संख्या में एकत्रित होकर ग्रामीणों ने थाना परिसर पहुंचकर थाना प्रभारी नागेश यादव को एक ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने मांग की है कि मंदिर की मर्यादा और जन आस्था से जुड़ी इस वारदात में शामिल चोरों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए।
चांदी के आभूषणों पर साफ किया था हाथ
थाना प्रभारी को दिए गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि गत 25 जनवरी को अज्ञात बदमाशों ने बालाजी मंदिर को अपना निशाना बनाया था। शातिर चोर मंदिर से भगवान का चांदी का मुकुट, कान के झुमके, हार और कलंगी चुरा ले गए थे। चोरी गए इन कीमती आभूषणों की वर्तमान बाजार कीमत लगभग 3 लाख रुपये के करीब आंकी गई है। इस घटना के बाद से ही गांव के श्रद्धालुओं में गहरा रोष है।
रिपोर्ट के बावजूद कार्रवाई न होने पर नाराजगी
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने 3 फरवरी को ही नलखेड़ा थाने में इस चोरी की औपचारिक रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। हालांकि, घटना को लंबा समय बीत जाने और रिपोर्ट दर्ज हुए भी कई दिन होने के बावजूद पुलिस अभी तक किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने चेतावनी भरे स्वर में कहा कि पुलिस अति शीघ्र माल सहित चोरों को पकड़े ताकि क्षेत्र में सुरक्षा का विश्वास बहाल हो सके।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे ग्रामीण
ज्ञापन सौंपते समय ग्राम रक्षा समिति के अध्यक्ष घनश्याम पाटीदार सहित सुभाष पाटीदार, नेपालसिंह, सांवरिया पाटीदार, पप्पू पुजारी, सोनू शर्मा, गिरिराज गुर्जर, हेमराज गुर्जर, राजेश गुर्जर, अमित, लखन और नरेंद्र सिंह जैसे प्रमुख ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
