उज्जैन, अग्निपथ। माधव नगर थाना क्षेत्र फ्रीगंज के मुख्य बजार में शिव मंदिर के पीछे बेकरी में शनिवार रविवार की दरमियानी रात चोर ने धावा बोला। ताला तोडक़र बैकरी के अंदर घुसा और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला जांच में लिया है।
फ्रीगंज में शिव मंदिर के पीछे एवन बेकरी के संचालक पुनीत बजाज हैं। सुबह बेकरी के प्रबंधक अभिषेक तिवारी शॉप खोलते हैं। रविवार को अवकाश होने से वे शॉप पर नहीं आए और बेकरी बंद रही थी। आज सोमवार सुबह 8.30 बजे अभिषेक शॉप खोलने पहुंचे। सामान्य रूप से उन्होंने शटर का ताला खोला और अन्दर पहुंचे। देखा तो सामना बिखरा हुआ पड़ा मिला।
उन्हें कुछ असामान्य सा महसूस हुआ। अभिषेक ने जाकर देखा तो पीछे वाले गेट खुला दिखा। गेट पर लगा ताला टूटा हुआ था। इस पर अभिषेक ने दुकान संचालक पुनीत बजाज को फोन कर घटना की जानकारी दी। अभिषेक ने बताया कि घटना शनिवार रविवार की दरमियानी रात की है।वीडियो फुटेज में चोर दिखाई दे रहा है।
बदमाश दुकान में पीछे का ताला तोडक़र अंदर घुसा उसने कुछ चॉकलेट और बिस्किट भी खाए। इसके रैपर दुकान में पड़े मिले। इसके अलावा गल्ले में रखे तीन हजार रुपए नगद चुराकर ले गया। लैपटॉप खोलकर देखा लेकिन लैपटॉप लेकर नहीं गया। लैपटॉप के पीछे ही डिब्बे में बड़े नोट की गड्डियां रखी थी संभवत: उसकी नजर नहीं पड़ी। इसलिए यह रुपए बच गए।
डीवीआर निकलकर डस्टबिन में फेंका
चोर ने बिस्किट और चॉकलेट खाई। गल्ले की नगदी चुराई और लैपटॉप में सीसीटीवी फुटेजडिलीट करने का प्रयास किया। इसके बाद उसने डीवीआर निकाली और साथ ले जाने की बजाय डस्टबिन में फेंक दी। सुबह जब दुकान प्रबंधक तिवारी आए तो उन्हें डीवीआर डस्टबिन में पड़ी मिली। माधवनगर पुलिस थाने पर चोरी की घटना की शिकायत की है। पुलिस ने मामला जांच में लिया है।
