बैतूल से एक्टिवा पर उज्जैन पहुंचा युवक, परिचित के घर में खुद को गोली मारकर दी जान

बैतूल युवक आत्महत्या

उज्जैन, अग्निपथ। नीलगंगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली बंगाली कॉलोनी में शनिवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने सरेराह एक घर के भीतर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक युवक बैतूल जिले के सारणी का रहने वाला बताया जा रहा है, जो खास तौर पर इस वारदात को अंजाम देने के लिए एक्टिवा से उज्जैन पहुंचा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार को कमरे में किया बंद, फिर चलाया कट्टा

नीलगंगा थाना टीआई तरुण कुरील के अनुसार, यह पूरी घटना बंगाली कॉलोनी में रहने वाले विनय नामक व्यक्ति के घर पर घटित हुई। बताया जा रहा है कि बैतूल निवासी निखिल शाम करीब 6 बजे एक्टिवा से सीधे विनय के घर पहुंचा। उस समय घर पर विनय की पत्नी, साली और बच्चे मौजूद थे। निखिल ने घर के अंदर दाखिल होते ही विनय, उसकी पत्नी और बच्चों को एक कमरे में धक्का देकर बाहर से दरवाजा बंद कर दिया।

परिजनों के मुताबिक, इसके बाद निखिल कुछ देर तक बरामदे में अकेला रहा और उसने किसी से बातचीत भी की। कुछ ही मिनटों बाद अचानक गोली चलने की जोरदार आवाज आई। जब आसपास के लोग और कमरे में बंद परिजन बाहर आए, तो देखा कि निखिल खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। उसने पिस्टल से खुद के सिर में गोली मार ली थी।

प्रेम प्रसंग की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस इस बिंदु पर तफ्तीश कर रही है कि मृतक निखिल और विनय के परिवार के बीच क्या संबंध थे और वह इतनी दूर से हथियार लेकर यहां क्यों आया था। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल को जब्त कर लिया गया है।

पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में लगी है कि निखिल के पास अवैध हथियार कहां से आया और उसने आत्मघाती कदम उठाने से पहले परिवार को कमरे में बंद क्यों किया था। क्या वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देना चाहता था या सिर्फ डराने आया था, यह जांच का विषय है।

इलाके में दहशत का माहौल

सरेशाम हुई इस गोलीबारी की घटना से बंगाली कॉलोनी के रहवासी दहशत में हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है और मृतक के परिजनों को बैतूल में सूचना दे दी गई है। परिजनों के उज्जैन पहुंचने और उनके बयान दर्ज होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस विनय और उसके परिवार से पूछताछ कर रही है ताकि विवाद की असल जड़ तक पहुंचा जा सके।

Next Post

उज्जैन की पार्श्वनाथ सिटी में सनसनी: चोरी रोकने गए RSS पदाधिकारी पर बदमाशों का प्राणघातक हमला

Sat Feb 28 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। माधव नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पार्श्वनाथ सिटी में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि उन्होंने चोरी रोकने का प्रयास करने वाले एक नागरिक पर जानलेवा हमला कर दिया। यह हमला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ RSS पदाधिकारी अर्जुन सिंह पर किया गया। बदमाशों ने […]
RSS पदाधिकारी पर प्राणघातक हमला

Breaking News