धार, अग्निपथ। जिले के सोयाबीन किसानों के लिए गुरुवार बड़ा दिन है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देवास से सिंगल क्लिक के माध्यम से भावांतर योजना के तहत किसानों के खातों में एकमुश्त राशि जारी करेंगे। इस पहल से धार जिले के 4,269 किसानों के बैंक खातों में 8 करोड़ 57 लाख रुपये जमा किए जाएँगे।
6 नवंबर तक की उपज का होगा भुगतान
मंडी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, यह भुगतान उन किसानों को प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, जिन्होंने 24 अक्टूबर को खरीदी शुरू होने से लेकर 6 नवंबर तक अपनी उपज मंडियों में बेची है। जिले में अब तक 5 हज़ार से अधिक पंजीकृत किसानों से एक लाख क्विंटल से अधिक सोयाबीन की खरीदी हो चुकी है। भुगतान के लिए मंडी प्रबंधन ने सभी किसानों की उपज और अन्य जानकारियों को क्रॉस चेक कर पोर्टल पर अपलोड कर दिया है। अब शासन स्तर से बैंकों को सूची जारी की जाएगी, जिसके आधार पर ही किसानों के खातों में राशि पहुँचेगी।
देवास से होगा सीधा प्रसारण
धार के किसान भी इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा देवास जिले से आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण धार मंडी प्रांगण में एल.ई.डी. स्क्रीन के माध्यम से किया जाएगा। किसानों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दे रही है, क्योंकि उन्हें अपनी उपज का सही दाम मिलने जा रहा है।
इन मंडियों में चल रही है खरीदी
जिले की बदनावर, धार और राजगढ़ सहित कुल सात मुख्य मंडियों और केसूर, राजोद, बिड़वाल जैसी तीन उप-मंडियों में भावांतर योजना के तहत सोयाबीन की खरीदी चल रही है। इनमें बदनावर, धार और राजगढ़ में उपज की आवक सबसे ज्यादा है।
प्रतिदिन जारी हो रहे मॉडल रेट
मंडी सचिव एमएस जमरा ने बताया कि खरीदी शुरू होने के 14 दिन बाद 7 नवंबर को पहला मॉडल रेट जारी किया गया था। अब प्रतिदिन मॉडल भाव जारी किए जा रहे हैं। इन भावों को नियमानुसार मंडी के अंदर लगे डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित किया जाता है, जिससे किसानों के बीच किसी भी तरह का भ्रम न रहे और खरीदी शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहे।
मक्का की आवक भी बढ़ी
धार कृषि उपज मंडी में इन दिनों सोयाबीन के साथ-साथ मक्का की आवक भी बढ़ी है। मंडी प्रशासन ने बुधवार को मोतीबाग चौक में मक्का से भरे वाहनों को खड़ा करवाकर वहीं पर नीलामी का कार्य संपन्न करवाया।
त्रुटि सुधार के बाद मिलेगा भुगतान
मंडी सचिव एमआर का कहना है कि आज 12 नवंबर को किसानों के खातों में शासन स्तर से राशि जमा होगी। उन्होंने यह भी बताया कि 4,203 पंजीकृत किसानों में से कुछ किसानों की जानकारियों में त्रुटि (गलती) होने की संभावना है। ऐसे किसानों के दस्तावेज त्रुटि सुधार के लिए फिर से मंडी कार्यालय आएँगे। त्रुटियों में सुधार करवाकर उन्हें भी जल्द से जल्द भुगतान किया जाएगा। मंडी में खरीदी का कार्य शांति से चल रहा है।
