नलखेड़ा, अग्निपथ। भैंसोंदा मार्ग पर ठेकेदार की लापरवाही आम जनता के लिए जानलेवा साबित हो रही है। वेदिया पेट्रोल पंप के पास पुलिया निर्माण के दौरान खोदा गया गहरा गड्ढा निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी जस का तस खुला पड़ा है। सड़क से बिल्कुल सटे इस गड्ढे को भरने की सुध न तो संबंधित ठेकेदार ने ली है और न ही जिम्मेदार अधिकारियों ने, जिसके चलते यहाँ हर समय हादसे का भय बना रहता है।
स्कूली बच्चों और राहगीरों की जान जोखिम में
इस मार्ग की संवेदनशीलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहाँ कई प्रमुख शिक्षण संस्थान स्थित हैं। इसी गड्ढे के ठीक पास से गुरुकुल कॉन्वेंट स्कूल का रास्ता गुजरता है। प्रतिदिन सैकड़ों स्कूली वाहन और अभिभावक अपने दोपहिया वाहनों से इसी मार्ग से बच्चों को लाने-ले जाने का कार्य करते हैं। जरा सी चूक या संतुलन बिगड़ने पर कोई भी मासूम बच्चा या राहगीर इस गहरे गड्ढे में समा सकता है।
ठेकेदार की लापरवाही पड़ सकती है भारी
नियमों के मुताबिक निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात खुदाई वाले स्थान को समतल करना ठेकेदार की जिम्मेदारी होती है। लेकिन यहाँ पुलिया तो बन गई, मगर उसके बगल में मौत का जाल बिछा छोड़ दिया गया है। छोटे से लेकर बड़े वाहनों की भारी आवाजाही वाले इस व्यस्त मार्ग पर यह गड्ढा कभी भी किसी बड़ी अनहोनी का कारण बन सकता है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार किए बिना इस गड्ढे को तत्काल भरवाया जाए ताकि राहगीर सुरक्षित आवागमन कर सकें।
