एक दर्जन से अधिक यात्री घायल, मलियाहेड़ी जोड़ के पास हुआ भीषण हादसा
नलखेड़ा, अग्निपथ। नगर से लगभग 17 किलोमीटर दूर बड़ागांव-बड़ोदिया मार्ग पर शनिवार प्रातः एक हृदय विदारक सड़क दुर्घटना घटित हुई। सुसनेर से कुरावर की ओर जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा सड़क पर अचानक आई एक भैंस को बचाने के प्रयास में हुआ। इस भीषण दुर्घटना में बस की चपेट में आने से भैंस के साथ चल रहे एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बस में सवार एक दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल नलखेड़ा लाया गया।
मलियाहेड़ी जोड़ के पास पलटी बस
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह लगभग 8:00 बजे सुसनेर से कुरावर जा रही बस क्रमांक एमपी 39 P 0265 बड़ागांव-बड़ोदिया मार्ग पर स्थित मलियाहेड़ी जोड़ के समीप पहुँची थी। तभी अचानक सामने आई भैंस को बचाने के चक्कर में चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई। इस दौरान भैंस के साथ जा रहे ग्रामीण गोकुल पिता भगवान सिंह यादव, उम्र 52 वर्ष, निवासी बड़ागांव बस की चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। दुर्घटना में बस में सवार कुल 19 लोग घायल हुए हैं।
ग्रामीणों ने बस के कांच फोड़कर बचाई यात्रियों की जान
हादसे की गूंज सुनते ही आसपास के खेतों में काम कर रहे और गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुँच गए। बस के पलटते ही भीतर चीख-पुकार मच गई थी। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बस के कांच फोड़े और भीतर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही तहसीलदार प्रियंक श्रीवास्तव और थाना प्रभारी नागेश यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे। प्रशासन ने ग्रामीणों के सहयोग से 108 एम्बुलेंस, 112 पुलिस वाहन और अन्य निजी वाहनों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया।
गंभीर घायलों को जिला चिकित्सालय आगर किया रेफर
नलखेड़ा सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय आगर रेफर कर दिया गया है। रेफर किए गए घायलों में संजय पिता प्रहलाद सिंह मेवाडा (27) निवासी भैंसोदा, तेजू भाई पति हरिनारायण (60) निवासी मोहन बड़ोदिया, रानी पति अंकित (35) निवासी नलखेड़ा, सुलोचना पति संजय (28) निवासी बेरछा, ओमप्रकाश पिता गोकुल मालवीय (45) निवासी बड़ागांव, अंकित पिता नारायण परमार (35) निवासी नलखेड़ा, सलमा बी पति वारिस खान (36) निवासी सुसनेर, लीलाबाई पति गोकुल (60) निवासी बड़ागांव, दीपचंद पिता कृष्ण नारायण (60) निवासी भैंसोंदा और हरिनारायण पिता गंगाराम (60) निवासी मोहन बड़ोदिया शामिल हैं। अन्य मामूली घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
घटनास्थल पर लगा जाम, पुलिस ने बहाल कराया यातायात
बस पलटने की खबर आग की तरह फैली, जिससे मार्ग के दोनों ओर ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसके चलते कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस प्रशासन ने क्रेन की सहायता से बस को सड़क से हटवाने की कार्यवाही शुरू की और भीड़ को नियंत्रित कर मार्ग सुचारू कराया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
