मशहूर न्यूरोलॉजिस्ट के साथ 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी: 10 दिन में 10 लाख मुनाफे का झांसा देकर लगाया चूना

उज्जैन, अग्निपथ। शहर के प्रतिष्ठित न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. रूपेश खत्री के साथ प्रॉपर्टी निवेश के नाम पर 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने डॉक्टर को महज 10 दिनों के भीतर 10 लाख रुपये का मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर बड़ी रकम ऐंठ ली। धोखाधड़ी का शिकार हुए संत कबीरनगर निवासी डॉ. खत्री ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

निवेश के नाम पर बुना झांसा

डॉ. रूपेश खत्री के अनुसार, साल 2023 में कमलेश कोचर नामक व्यक्ति ने उन्हें मित्रनगर स्थित एक 1500 स्क्वायर फीट के मकान में निवेश का प्रस्ताव दिया था। आरोपी ने डॉक्टर को पूरा भरोसा दिलाया था कि यदि वे इस संपत्ति पर 35 लाख रुपये खर्च करते हैं, तो वह केवल 10 दिनों के भीतर इस सौदे से उन्हें 10 लाख रुपये का शुद्ध लाभ दिलवा देगा। आरोपी की बातों में आकर डॉक्टर ने निवेश के लिए हामी भर दी।

खुद के नाम कराई रजिस्ट्री और चेक भी हुए बाउंस

धोखाधड़ी की परतें तब खुलीं जब आरोपी ने डॉ. खत्री से पैसे लेने के बाद न तो कोई मुनाफा दिलाया और न ही मकान उनके नाम किया। इसके विपरीत, शातिर आरोपी ने उस मकान की रजिस्ट्री चुपके से खुद के नाम करा ली। जब डॉक्टर ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने टालमटोल करते हुए 10-10 लाख रुपये के दो चेक दिए, जो बैंक में लगाने पर बाउंस हो गए।

डॉ. खत्री ने बताया कि उन्होंने 20 लाख रुपये हरि फाटक पर और शेष 15 लाख रुपये अपने घर से आरोपी को दिए थे। नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील के अनुसार, आरोपी कमलेश कोचर के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Next Post

महामंडलेश्वर को रेप केस में फंसाने की साजिश: आरोपी पत्रकार घनश्याम पटेल की अग्रिम जमानत याचिका निरस्त

Thu Mar 12 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। सेशन जज पीसी गुप्ता ने महामंडलेश्वर स्वामी शांति स्वरूपानंद जी को दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की साजिश रचने वाले आरोपी पत्रकार घनश्याम पटेल की अग्रिम जमानत याचिका बुधवार को निरस्त कर दी है। महामंडलेश्वर का पक्ष रखते हुए वरिष्ठ हाई कोर्ट एडवोकेट वीरेंद्र शर्मा ने जमानत का […]

Breaking News