महर्षि सांदीपनि वेद विद्या प्रतिष्ठान में छात्र की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल

उज्जैन, अग्निपथ। चिंतामण गणेश मंदिर मार्ग पर स्थित प्रतिष्ठित महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान में एक छात्र को छड़ी से बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। शनिवार को इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसने संस्थान की अनुशासन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि एक शिक्षक छात्र पर लगातार छड़ी बरसा रहा है और पीड़ित छात्र दर्द से कराह रहा है।

बिस्तर बदलने पर मिली तालिबानी सजा

बताया जा रहा है कि यह विवाद छात्र के सोने की जगह को लेकर शुरू हुआ था। आरोपी शिक्षक छात्र को किसी दूसरे के बिस्तर पर सोने की बात को लेकर डांट रहा था और इसी दौरान उसने आपा खो दिया। वीडियो प्रतिष्ठान के ही एक कमरे का बताया जा रहा है, जिसमें आरोपी शिक्षक दत्तदास शेवड़े छात्र से सवाल-जवाब करते हुए उसे छड़ी से पीट रहा है। आरोपी शिक्षक सामवेद राणायनी शाखा में पदस्थ है और उसके पास वार्डन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है।

कमरे में मौजूद शख्स ने बनाया वीडियो

जिस समय यह घटना घटित हो रही थी, उसी कमरे में मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने चोरी-छिपे शिक्षक की इस करतूत का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। शनिवार को जैसे ही यह वीडियो सार्वजनिक हुआ, प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया। हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद भी अब तक संस्थान की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अवकाश का दिन होने के कारण प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क नहीं हो पाया है।

कड़े अनुशासन के लिए जाना जाता है संस्थान

महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान एक राष्ट्रीय स्तर का आवासीय संस्थान है, जहाँ देशभर से बटुक वैदिक शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। संस्थान के भीतर छात्रों के लिए अत्यंत कड़े अनुशासन के नियम लागू हैं। ब्रह्ममुहूर्त में जागने से लेकर संध्यावंदन तक की दिनचर्या का सख्ती से पालन करना अनिवार्य होता है। इन नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी शिक्षकों और वार्डन पर होती है, लेकिन अनुशासन के नाम पर इस तरह की शारीरिक प्रताड़ना ने अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों में रोष पैदा कर दिया है।

Next Post

उज्जैन-इंदौर सिक्सलेन पर दर्दनाक हादसा: डंपर ने 13 वर्षीय बालक को रौंदा, मौके पर ही मौत

Sat Mar 21 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत उज्जैन-इंदौर सिक्सलेन मार्ग पर शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुई। तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल सवार 13 वर्षीय बालक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद क्षेत्र में […]

Breaking News