महाकाल मंदिर के गेट नंबर 1 पर महिला गार्ड और पंडित में विवाद: मंदिर समिति ने दोनों पर की कार्रवाई

उज्जैन, अग्निपथ। महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार को गेट नंबर 1 (अवंतिका द्वार) से श्रद्धालुओं के प्रवेश को लेकर एक निजी सुरक्षा एजेंसी की महिला गार्ड ज्योति परमार और पंडित कमलेश शर्मा के बीच तीखा विवाद हो गया। विवाद का वीडियो सामने आने के बाद मंदिर समिति ने सख्त रुख अपनाते हुए दोनों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। समिति ने पंडित कमलेश शर्मा के उक्त गेट से प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है, वहीं महिला गार्ड को भी ड्यूटी से हटा दिया गया है।

सामने आए वीडियो में दोनों के बीच झूमाझटकी होती साफ दिखाई दे रही है। महिला गार्ड का आरोप है कि पंडित राजस्थान के आधार कार्ड दिखाकर श्रद्धालुओं को गेट से प्रवेश करा रहे थे, और रोकने पर उन्होंने विवाद शुरू कर दिया।

दूसरी ओर, पंडित का कहना है कि कुछ श्रद्धालुओं के पास स्थानीय और कुछ के पास बाहर के कार्ड थे, वह इस संबंध में बात ही कर रहे थे कि महिला गार्ड ने अभद्रता शुरू कर दी। मंदिर समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक के अनुसार, दोनों पक्षों की गलती पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है।

00000

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉने किए बाबा महाकाल के दर्शन, 50 साल बाद पहुंचे उज्जैन

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा सोमवार को सपरिवार उज्जैन पहुंचे और भगवान महाकालेश्वर के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। डॉ. साहा ने मंदिर के नंदी हाल में करीब 10 मिनट बैठकर विशेष पूजन-अर्चन किया। यह पूजन पंडित जितेंद्र शर्मा द्वारा संपन्न कराया गया। मंदिर समिति की ओर से कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और प्रशासक प्रथम कौशिक ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत और सम्मान किया।

मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने भावुक होते हुए बताया कि वे लगभग 50 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद महाकाल मंदिर आए हैं। उन्होंने कहा कि अब तक वे मंदिर के वैभव और विस्तार को केवल टीवी पर ही देखते आए थे, लेकिन प्रत्यक्ष दर्शन कर उन्हें असीम शांति की अनुभूति हुई है। उन्होंने प्रदेश और देश की खुशहाली की कामना भी की।

Next Post

व्यापार विस्तार के नाम पर 12.90 करोड़ की धोखाधड़ी: नागदा के पोरवाल परिवार सहित 7 आरोपियों को 5-5 साल की सजा

Mon Mar 2 , 2026
नागदा, अग्निपथ। बिजनेस विस्तार और एफडीआई के माध्यम से गेहूं खरीदी के टेंडर दिलाने के नाम पर लगभग 12 करोड़ 90 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले सात आरोपियों को न्यायालय ने कड़ी सजा सुनाई है। द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश परमानंद चौहान ने मामले की सुनवाई करते हुए सभी सात […]
न्यायालय

Breaking News