महाकाल मंदिर में मुंबई की महिला से निजी सुरक्षा गार्डों ने की मारपीट

महाकाल मंदिर में सिक्युरिटी

महिला पर हंगामा करने का आरोप, दोनों पक्षों ने थाने में की शिकायत

उज्जैन, अग्निपथ। महाकाल मंदिर में मुंबई से दर्शन करने आई महिला श्रद्धालु के साथ निजी सुरक्षा एजेंसी के गार्डों ने मारपीट की है। महिला श्रद्धालु ने आरोप लगाते हुए कहा कि मंदिर में तैनात महिला सुरक्षा गार्ड ने उसे धक्का देकर बाहर निकाल दिया।

मौके पर मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो भी बनाया। उक्त वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। महिला श्रद्धालु ने इसे लेकर पुलिस थाने में आवेदन दिया है। जानकारी के मुताबिक मुंबई की तीन महिला दोस्त के साथ आई रेशमा सोनवाड़े दर्शन की लाइन में लगी थी। पालकी गेट के सामने टनल में दर्शन के दौरान पुरुष गार्ड महिलाओं के कंधे पर हाथ रखकर लोगों को आगे धकेल रहे थे।

जब उन्होंने इसका विरोध किया तो एक महिला गार्ड को बुलाकर उनके साथ मारपीट की गई। महिला का आरोप है कि मारपीट में चार पुरुष गार्ड भी शामिल थे। करीब आठ लोगों ने उसके साथ मारपीट की है। इधर घटना को लेकर महिला गार्डों ने भी महाकाल थाने में महिला श्रद्धालु के खिलाफ आवेदन दिया है।

फिलहाल, दोनों पक्षों की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कर ली गई है। घटना में एक महिला गार्ड के घायल होने की भी जानकारी मिली है।

Breaking News