महाकाल मार्ग पर लापरवाही: पुलिस चौकी पर गिरा वजनी साइन बोर्ड, टला बड़ा हादसा

उज्जैन, अग्निपथ। महाकाल मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग श्रद्धालुओं के लिए कितने सुरक्षित हैं, इसका एक ताजा उदाहरण हरि फाटक पुल के पास देखने को मिल रहा है। पिछले दिनों हरि फाटक पुल के नीचे रोटरी के पास लगा एक वजनी साइन बोर्ड अचानक उखड़कर गिर गया। कई किलो वजन का यह बोर्ड सीधा पुलिस चौकी के ऊपर जा गिरा। गनीमत यह रही कि उस समय चौकी पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था।

उस समय पुलिस चौकी के आसपास कुछ श्रद्धालु जरूर खड़े थे, लेकिन सौभाग्य से किसी को चोट नहीं आई। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इस बोर्ड को उखड़कर गिरे काफी समय बीत चुका है, लेकिन यह अब भी खतरनाक स्थिति में सिर्फ पुलिस चौकी के सहारे टिका हुआ है। यह किसी भी दिन दोबारा नीचे गिर सकता है और फुटपाथ पर खड़े रहने वाले लोगों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। लापरवाही का आलम यह है कि इतने समय से न तो इस बोर्ड को हटाया गया और न ही इसकी मरम्मत कराई गई।

श्रद्धालुओं की जान जोखिम में

हरि फाटक पुल के समीप जिस स्थान पर यह साइन बोर्ड गिरकर चौकी के सहारे टिका है, वहां के फुटपाथ पर हमेशा श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। महाकाल दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु यहीं खड़े होकर मंदिर जाने के लिए रिक्शे का इंतजार करते हैं। उखड़े हुए वजनी बोर्ड की वजह से यहां किसी भी दिन बड़ी जनहानि होने की आशंका बनी हुई है।

पुलिस चौकी भी हुई क्षतिग्रस्त

सूचना बोर्ड के सीधे पुलिस चौकी पर गिरने के कारण चौकी का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इस डर के कारण पुलिसकर्मी भी अब चौकी के भीतर बैठने से कतरा रहे हैं और चौकी से दूरी बनाए हुए हैं। खास बात यह है कि बोर्ड गिरने के इतने दिनों बाद भी इसे चौकी के ऊपर से हटाया नहीं गया है, जो प्रशासन की अनदेखी को उजागर करता है।

Next Post

सीएम हेल्पलाइन: सीएमएचओ और नागदा सीएमओ सहित 3 को नोटिस

Tue Feb 10 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। सीएम हेल्प लाइन की शिकायतों का तय समय में करने के कहा जा रहा है। बावजूद कई अधिकारी इसे नजर अंदाज कर रहे हैं। सीएल पत्रों की समीक्षा बैठक में 50 दिन से अधिक की लंबित शिकायतों के निराकरण पर ध्यान नहीं देने पर कलेक्टर रौशन सिंह ने […]