महामंडलेश्वर को रेप केस में फंसाने की साजिश: आरोपी पत्रकार घनश्याम पटेल की अग्रिम जमानत याचिका निरस्त

उज्जैन, अग्निपथ। सेशन जज पीसी गुप्ता ने महामंडलेश्वर स्वामी शांति स्वरूपानंद जी को दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की साजिश रचने वाले आरोपी पत्रकार घनश्याम पटेल की अग्रिम जमानत याचिका बुधवार को निरस्त कर दी है। महामंडलेश्वर का पक्ष रखते हुए वरिष्ठ हाई कोर्ट एडवोकेट वीरेंद्र शर्मा ने जमानत का कड़ा विरोध किया। उनके तर्कों का समर्थन सरकारी अभिभाषक मुकेश जैन और डीपीओ उमेश तोमर ने भी किया।

सनातन संस्कृति और शहर की प्रतिष्ठा का हवाला

अधिवक्ता वीरेंद्र शर्मा ने न्यायालय के समक्ष तर्क दिया कि उज्जैन में वर्ष 2028 में सिंहस्थ मेला आयोजित होना है। ऐसे कृत्य से सनातन संस्कृति, संत समाज और उज्जैन शहर की प्रतिष्ठा विश्व भर में धूमिल हो सकती है। कोर्ट को आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड का ब्यौरा भी पेश किया गया। यह भी आशंका जताई गई कि यदि आरोपी को जमानत मिलती है, तो वह फरार हो सकता है या साक्ष्यों और प्रकरण को प्रभावित करने का प्रयास करेगा। न्यायालय ने इन गंभीर तर्कों से सहमत होते हुए जमानत अर्जी खारिज कर दी। अब अग्रिम जमानत के लिए घनश्याम पटेल को हाई कोर्ट की सिंगल बेंच की शरण लेनी होगी।

दूसरी आरोपी मंदाकिनी पुरी फरार, बनारस में होने की सूचना

मामले की दूसरी आरोपी मंदाकिनी पुरी फिलहाल फरार है। महाकाल पुलिस ने उसके गढ़कालिका स्थित ठिकाने पर दबिश दी, लेकिन वह वहां नहीं मिली। पुलिस सूत्रों के अनुसार उसके बनारस में छिपे होने की जानकारी मिली है, जिसकी तलाश की जा रही है।

एडवोकेट शर्मा ने न्यायालय के समक्ष रखे यह 4 मुख्य तर्क

  • प्रकरण के आरोपी अभी तक फरार हैं और पुलिस की पहुंच से बाहर हैं।

  • विवेचना के लिए पुलिस को महत्वपूर्ण दस्तावेजों और साक्ष्यों की रिकवरी करनी है, जिसमें मोबाइल जब्ती और कॉल रिकॉर्डिंग शामिल हैं।

  • अपराध की प्रकृति अत्यंत गंभीर है, जिसे योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया।

  • यह अपराध केवल एक व्यक्ति के विरुद्ध नहीं, बल्कि सनातन और संत समाज की प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाने के मकसद से किया गया है।

Next Post

फार्मासिस्ट के घर हाथ साफ करने वाली नौकरानी गिरफ्तार: 15 ग्राम का मंगलसूत्र और सोने की अंगूठी बरामद

Thu Mar 12 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। नीलगंगा थाना क्षेत्र के माधव क्लब रोड पर रहने वाली एक महिला फार्मासिस्ट के घर हुई चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। घर की सफाई करने वाली नौकरानी ने ही विश्वासघात करते हुए लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ किया था। पुलिस ने आरोपी महिला को […]

Breaking News