उज्जैन, अग्निपथ। महाशिवरात्रि पर्व के दौरान बाबा महाकाल की नगरी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का लाभ उठाते हुए अंतर्राज्यीय महिला चोर गिरोह जमकर सक्रिय रहा। महाकाल मंदिर और रामघाट सहित शहर के प्रमुख क्षेत्रों में रविवार रात से सोमवार सुबह तक चोरी की अनेक वारदातें सामने आईं। महाकाल थाने पर सुबह 9 बजे तक ही मोबाइल चोरी, पर्स चोरी और जेबकतरी की 15 से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गईं।
दिल्ली, हरियाणा और बिहार की महिलाएं हिरासत में
पुलिस की सतर्कता के चलते सर्चिंग और चेकिंग अभियान के दौरान करीब 10 संदिग्ध महिलाओं और 2-3 युवकों को हिरासत में लिया गया है। ये संदेही दिल्ली, हरियाणा और बिहार के बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार त्योहारों और विशेष पर्वों पर बाहरी राज्यों से महिलाओं का गिरोह यहां सक्रिय हो जाता है। फिलहाल पकड़ी गई महिलाओं से पूछताछ की जा रही है ताकि चोरी हुए सामान की बरामदगी हो सके।
एनआरआई का आई-फोन चोरी, दिल्ली की महिला का भी मोबाइल गायब
चोरी की वारदातों का शिकार हुए लोगों में वीआईपी और एनआरआई भी शामिल हैं। अमेरिका (यूएस) में रहने वाले दिल्ली निवासी एनआरआई पंकज त्रिपाठी ने महाकाल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उनका आई-फोन चोरी हो गया है। फोन की अंतिम लोकेशन मेघदूत ढाबे के पास मिली थी, जिसके आधार पर उन्होंने पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। इसी तरह दिल्ली की रश्मि वालिया जब हरसिद्धि मंदिर में दर्शन कर परिक्रमा कर रही थीं, तभी उनका फोन गायब हो गया।
रामघाट पर सोते हुए युवक की जेब काटी
जेबकतरी की एक अन्य वारदात रामघाट पर हुई, जहां अपनी पत्नी के साथ दर्शन करने आए मुकेश पापालाल बरगड़े के साथ लूट हो गई। मुकेश ने बताया कि स्नान के बाद नदी किनारे रुकने के दौरान उनकी आंख लग गई थी। इसी का फायदा उठाकर किसी बदमाश ने ब्लेड से उनकी जेब काटकर पर्स चोरी कर लिया। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है और पीड़ितों को फोन व सामान बरामद करने का आश्वासन दिया है।
