महिदपुर में डीजे के शोर से दहले मकान, सरकारी निर्देशों की उड़ रही धज्जियां

महिदपुर, अग्निपथ। मलमास की समाप्ति के पश्चात बसंत पंचमी से अंचल में शादी-विवाह का दौर शुरू हो चुका है। इसी के साथ बैंड-बाजों और डीजे की कानफोड़ू कर्कश ध्वनि से महिदपुर की आम जनता के साथ-साथ विद्यार्थी वर्ग खासी परेशानी झेलने को मजबूर है। परीक्षा के इस दौर में विद्यार्थियों की पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

कागजों तक सिमटे मुख्यमंत्री के निर्देश

प्रदेश में डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण संबंधी कड़ा निर्णय लिया था। हालांकि, वर्तमान में इन निर्देशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। दिखावे के लिए तत्कालीन प्रशासनिक अधिकारियों ने ताबड़तोड़ मंदिरों, मस्जिदों और धर्मस्थलों पर लगे लाउडस्पीकर उतरवा कर वाहवाही तो लूट ली, लेकिन अब शादी-विवाह, धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में मैरिज गार्डन, धर्मशालाओं एवं सड़कों पर बज रहे डीजे की कर्कश ध्वनि पर कोई लगाम नहीं है।

कंपन से गिरे सामान, उखड़ा मकानों का प्लास्टर

शुक्रवार रात्रि को नगर के मुख्य मार्गों पर निकले वैवाहिक चल समारोह में दो डीजे ने ऐसा कोहराम मचाया कि नगरवासी स्तब्ध रह गए। जिस मार्ग से ये डीजे निकले, उनके साउंड और कंपन से कई दुकानों व मकानों के सामान नीचे गिर गए। यहां तक कि कुछ मकानों की गैलरियों के प्लास्टर तक उखड़ने लगे। करीब 2 घंटे के उस दौर को नगर की जनता ने खौफ के साए में काटा। ऐसे में कमजोर हृदय वाले मरीजों, बीमारों और बुजुर्गों की हालत क्या हुई होगी, इसका केवल अनुमान ही लगाया जा सकता है। इन दोनों डीजे के साउंड का आतंक सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना रहा।

प्रशासन के फ्लैग मार्च के सामने मची ‘धूम’

इस पूरे मामले का सबसे विडंबनापूर्ण पहलू यह रहा कि जिस समय डीजे नगर की सड़कों पर शोर मचा रहे थे, उसी समय स्थानीय पुलिस और प्रशासन शहर में फ्लैग मार्च निकाल रहा था। जिन डीजे का शोर एक-दो किलोमीटर दूर तक स्पष्ट सुनाई दे रहा था, वही शोर फ्लैग मार्च में शामिल जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों को सुनाई नहीं दिया।

जनता में पनप रहा भारी आक्रोश

नगर में आए दिन प्रशासन की आंखों के सामने शासन के निर्देशों की अवहेलना हो रही है। इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन द्वारा दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कार्यवाही नहीं करने से आम जनता के बीच न केवल राज्य शासन की छवि धूमिल हो रही है, बल्कि प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश भी पनप रहा है। लोग अब प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने लगे हैं।

Next Post

तेज रफ्तार में कार डिवाइडर से टकराई, ड्राइवर की मौके पर मौत

Sat Jan 24 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। बडऩगर थाना क्षेत्र स्थित लोहाना कुटी स्थित पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात 12 बजे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पांच बार पलटी। हादसे में ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया जलोदिया के रहने वाले गोवर्धनदास बैरागी निजी […]