मां बगलामुखी के अलौकिक श्रृंगार के साथ चैत्र नवरात्रि प्रारंभ, पहले ही दिन उमड़ा आस्था का सैलाब

नलखेड़ा, अग्निपथ। विश्व प्रसिद्ध पांडवकालीन शक्तिपीठ मां बगलामुखी मंदिर में गुरुवार को चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। तड़के मंगला आरती के पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर के गर्भगृह में घट स्थापना की गई। इस पावन अवसर पर आदि शक्ति मां बगलामुखी का स्वर्ण आभूषणों से मनमोहक श्रृंगार किया गया और उन्हें विशेष पीली चुनरी ओढ़ाई गई। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया, जिसके दर्शन के लिए सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं।

सुलभ दर्शन व्यवस्था से श्रद्धालु गदगद

नवरात्रि के पहले दिन राजनेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों सहित देश के कोने-कोने से आए भक्तों ने माता रानी के दरबार में मत्था टेका और हवन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। भीषण गर्मी को देखते हुए मंदिर प्रबंध समिति और प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे। दर्शनार्थियों के लिए छांव हेतु टेंट और ठंडे पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं ने प्रशासन की सराहना करते हुए बताया कि भारी भीड़ के बावजूद मात्र 10 मिनट में सुलभ दर्शन प्राप्त हो रहे हैं। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीओपी देवनारायण यादव, तहसीलदार प्रियंक श्रीवास्तव और थाना प्रभारी नागेश यादव स्वयं मोर्चा संभाले नजर आए।

पितांबरा सेवा समिति ने कन्या पूजन कर शुरू किया विशाल भंडारा

मंदिर परिसर के समीप प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी पितांबरा सेवा समिति द्वारा नौ दिवसीय निशुल्क भंडारे का आयोजन किया गया है। गुरुवार को समिति के सदस्यों ने मां बगलामुखी को छप्पन भोग लगाकर महाआरती की। इसके पश्चात कन्या पूजन और कन्या भोज कराकर भंडारे का विधिवत शुभारंभ किया गया। उल्लेखनीय है कि यह समिति पूरी नवरात्रि के दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध और सात्विक भोजन प्रसादी की निशुल्क व्यवस्था करती है, जो भक्तों के लिए बड़ी राहत सिद्ध होती है।

अलौकिक दर्शन और धार्मिक अनुष्ठान

नवरात्रि के नौ दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में मंदिर में विशेष अनुष्ठान, जाप और हवन किए जाएंगे। प्रथम दिन माता के अलौकिक स्वरूप के दर्शन पाकर भक्त निहाल हो गए। मंदिर प्रशासन के अनुसार, आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और अधिक वृद्धि होने की संभावना है, जिसके लिए पार्किंग और सुरक्षा के अतिरिक्त पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।

Next Post

महेश्वर की 'सेलिब्रिटी' मोनालिसा के विवाह पर गरमाया सियासी पारा, लव जिहाद और सीरिया कनेक्शन के लगे आरोप

Thu Mar 19 , 2026
खरगोन, अग्निपथ। कुंभ मेले में माला बेचते हुए सोशल मीडिया पर वायरल होकर सेलिब्रिटी बनी महेश्वर की मोनालिसा अब एक बड़े राष्ट्रीय और राजनीतिक विवाद के केंद्र में आ गई है। केरल निवासी फरमान खान के साथ उसके विवाह ने न केवल परिवार को सकते में डाल दिया है, बल्कि […]

Breaking News