सीहोर, अग्निपथ। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने सीहोर जिले के कोठरी में स्थित वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (वीआईटी) के खिलाफ एक महत्वपूर्ण प्रकरण दर्ज किया है। यह कार्रवाई विश्वविद्यालय द्वारा ‘वीआईटी भोपाल यूनिवर्सिटी’ के नाम से किए जा रहे भ्रामक प्रचार की शिकायत पर की गई है। संस्थान का वास्तविक परिसर राजधानी भोपाल से लगभग 100 किलोमीटर दूर सीहोर जिले की आष्टा तहसील में स्थित है, लेकिन विज्ञापन और प्रवेश प्रक्रिया में ‘भोपाल’ नाम का उपयोग किया जा रहा था।
एनएसयूआई की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई
इस मामले में एनएसयूआई ने मध्य प्रदेश निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग और मानवाधिकार आयोग को लिखित शिकायत भेजी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ‘भोपाल’ नाम के उपयोग से अन्य राज्यों के छात्र और अभिभावक धोखे का शिकार हो रहे हैं। ऑनलाइन प्रवेश के समय विद्यार्थी यह मान लेते हैं कि संस्थान मुख्य शहर में है, लेकिन वास्तविकता पता चलने पर उन्हें भारी असुविधा और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। आयोग अब इस भौगोलिक विसंगति और छात्रों के हितों से जुड़े मामले की गहनता से जांच करेगा।
