मिशन अस्पताल भूमि घोटाला: 10 हजार का इनामी सुधीर जैन गिरफ्तार, 2 मार्च तक पुलिस रिमांड पर

धार, अग्निपथ। आदर्श सड़क स्थित किले के समीप मिशन अस्पताल की करोड़ों रुपये मूल्य की शासकीय भूमि के कथित घोटाले के मुख्य आरोपी सुधीर जैन को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। साढ़े तीन वर्षों से फरार चल रहे इस आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था, जिसे शुक्रवार को सायबर क्राइम ब्रांच की टीम ने इंदौर से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। न्यायालय ने आरोपी को 2 मार्च 2026 की दोपहर 3 बजे तक पुलिस रिमांड पर सौंपा है। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस आरोपी से भूमि घोटाले से जुड़े फर्जी दस्तावेज, अवैध नामांतरण, लीज प्रक्रिया और आर्थिक लेन-देन के साथ-साथ अन्य सहयोगियों के बारे में गहन पूछताछ करेगी।

उल्लेखनीय है कि जब आरोपी भूमाफिया सुधीर जैन को कोर्ट लाया गया, तो वह स्वयं को किसी वीआईपी से कम नहीं समझ रहा था और परिसर के बाहर लगी कुर्सी पर जा बैठा। पुलिस ने उसे तत्काल वहां से उठाकर न्यायालय कक्ष में पेश किया। यह मामला सर्वे नंबर 770, रकबा 0.493 हेक्टेयर भूमि से जुड़ा है, जो वर्ष 1928 से शासकीय घोषित है।

ऐतिहासिक रूप से यह जमीन मिशनरी संस्था को महिला अस्पताल संचालन हेतु दी गई थी। जांच में सामने आया कि सुधीर जैन ने सह-आरोपियों के साथ मिलकर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और 11 लाख रुपये में यह सरकारी भूमि अंकित वडेरा को बेच दी थी।

वर्ष 2022 में थाना नौगांव में प्रकरण दर्ज होने के बाद से ही आरोपी पुलिस को चकमा दे रहा था। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए गुजरात और बेंगलुरु जैसे शहरों में अलग-अलग स्थानों पर छिपता रहा। सीएसपी सुजावल जग्गा के निर्देशन में सायबर क्राइम ब्रांच ने मुखबिर की सूचना पर उसे तब दबोचा जब वह इंदौर में अपने ठिकाने से सामान लेने बाहर निकला था। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान पूछताछ में इस बड़े भू-घोटाले से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण खुलासे और अवैध पंजीयन प्रक्रिया की साजिश उजागर होगी।

Next Post

धार के तीन पुलिस अधिकारियों को मिला केंद्रीय गृहमंत्री सेवा पदक, एसआई कुशवाह की 41 वर्षों की सेवा सम्मानित

Sat Feb 28 , 2026
धार, अग्निपथ। वर्ष 2024 की उत्कृष्ट सेवाओं के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा घोषित ‘केंद्रीय गृहमंत्री अति-उत्कृष्ट सेवा पदक’ एवं ‘उत्कृष्ट सेवा पदक’ से धार जिले के तीन पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया गया है। अति-उत्कृष्ट सेवा पदक से यातायात थाना धार के कार्यवाहक उप निरीक्षक अजितसिंह कुशवाह तथा […]

Breaking News