मेरी यूरोप यात्रा : भाग-8; काश हम एक दिन और रूक पाते वियना में

अर्जुनसिंह चंदेल

चेक गणराज्य में दो दिन बिताने के बाद वहाँ के केसल्स भव्य महल जिसमें राष्ट्रपति निवास करते हैं वह यादों में सहेजकर हम सभी होटल में नाश्ते के बाद 1 अप्रैल की सुबह आस्ट्रिया की राजधानी वियना के लिये निकल पड़े। अपने वतन हिंदुस्तान से निकले आज छठा दिन और घर से निकले सातवां दिन था। घर और वतन की याद आने लगी थी। यह ऐतिहासिक टूर अपने अंतिम सौपान पर था।

आस्ट्रिया के 9 प्रांतों में से एक वियना आस्ट्रिया का सबसे प्रमुख नगर है। प्राग से तीन या चार घंटे की यात्रा के बाद हम आस्ट्रिया की सांस्कृतिक, आर्थिक एवं राजनैतिक गतिविधियों के केन्द्र तथा यूरोपीय संघ के आबादी के मान से दसवें सबसे बड़े शहर वियना पहुँच गये। हमारे पास समय बहुत कम था कुछ ही घंटों में पूरा वियना देखना था तय कार्यक्रम अनुसार अगले दिन मतलब 2 अप्रैल की सुबह हमें हंगरी के बुडापोस्ट के लिये रवाना होना था।

हम सबको यूरोप यात्रा में यह मलाल रहेगा कि वियना जो रहन-सहन के हिसाब से यूरोप का तीसरा सबसे अच्छा शहर है वहाँ के लिये कम से कम दो दिन का समय रखना था। खैर अब कुछ नहीं किया जा सकता था। कम समय में ज्यादा घूमना था। हमारे मादुभाषी टूर आपरेटर संदीप दीक्षित ने गाईड की व्यवस्था कर रखी थी। वीडियो कोच में बैठे-बैठे ही हमने वियना की खूबसूरती के आनंद लिये। यहाँ का तापमान सबसे अधिक 17 डिग्री और सबसे कम 8 डिग्री सेल्सियस रहता है। हमारी बुजुर्ग गाईड ने बताया कि वियना में वैश्विक महत्व की संस्थाएं स्थित है जिनमें संयुक्त राष्ट्र संघ, ओपेक की संस्थाएं सबसे महत्वपूर्ण है।

हमने डेन्यूब नदी के किनारे स्थित वियना इंटरनेशनल सेन्टर की वह इमारत भी देखी जिसमें विश्व की बहुत सी प्रमुख संस्थाओं के दफ्तर है। 414 वर्ग किमी में फैले वियना की जनसंख्या (2019) की जनगणनानुसार 19 लाख है। हमें वियना में वह विशालकाय और अद्भुत पुस्तकालय को भी बाहर से देखने का मौका मिला जिसमें दुनिया भर के किसी भी लेखक की पुस्तक पढऩे को मिल सकती है। वियना में आस्ट्रिया के प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति का आवास भी हमने देखा।

वियना में लोग डेन्यूब नदी पर बने पुल पर घूमने जाते हैं जहाँ से डेन्यूब नदी की खूबसूरती को निहारा जा सकता है हम भी वहाँ तफरी करने गये। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ थी हमारे गाईड ने बताया कि ‘टायटैनिक’ फिल्म के कुछ दृश्यों की शूटिंग यहाँ भी हुई थी। वीडियो कोच से ही सारे वियना का सिटी टूर करने के बाद हम भोजन करने भारतीय रेस्टोरेन्ट पहुँचे जहाँ सभी ने भोजन का लुत्फ उठाया और होटल की ओर प्रस्थान किया।

खूबसूरत वियना शहर में हमारे रुकने का होटल भी बेहद खूबसूरत था। मुख्य मार्ग पर ही आलीशान होटल था जिसका नाम याद नहीं रहा। टूर के अंतिम स्थान हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट के लिये हमें 2 अप्रैल को रवाना होना था वियना में बिताये सुखद क्षणों को सोचते-सोचते कब नींद लग गयी पता ही नहीं चला।
शेष कल

Next Post

सनक फिल्मी एलबम में भोले का नाम अश्लील शब्दों के साथ

Wed Apr 19 , 2023
महाकाल के पुजारी नाराज, कहा-एफआईआर करवाएंगे उज्जैन, अग्निपथ। फेमस सिंगर और रैपर बादशाह के हाल ही में रिलीज एक एलबम सनक के एक गाने पर विवाद की स्थिति बन गई है। महाकाल मंदिर के पुजारी सहित कई भक्तों ने गाने में अश्लील शब्दों के साथ भोलेनाथ का नाम उपयोग करने […]
उज्जैन पुलिस फाइल

Breaking News