नंदीहॉल में बैठकर किया पूजन, दर्शन कर काफी खुश नजर आए
उज्जैन, अग्निपथ। मॉरीशस के पूर्व राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह रूपन शुक्रवार को उज्जैन आए। उन्होंने यहां भगवान महाकाल के भी दर्शन किए। वे सुबह की भोग आरती में शामिल हुए।
गर्भगृह के बाहर से दर्शन करने के बाद उन्होंने नंदीहॉल में बैठकर आराम से पूजन-अर्चन किया। पुजारी आकाश गुरु ने उनका पूजन संपन्न कराया। रूपन भगवान महाकाल के दरबार में पहुंचकर खुश नजर आए। उन्होंने यहां के बारे में काफी कुछ सुना था। धार्मिक नगरी में आने की उनकी बहुत समय से इच्छा थी। यह बात उन्होंने खुद मंदिर में रहते हुए समिति के अधिकारियों से चर्चा के दौरान बताई।
मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उप प्रशासक एस. एन. सोनी एवं सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने रूपन का सम्मान कर भगवान महाकाल की तस्वीर एवं लड्डू प्रसाद आदि भेंट किया।
