कम्पाला, अग्निपथ। युगांडा के आर्मी चीफ और राष्ट्रपति के बेटे मुहूजी कैनेरुगाबा अपने बयानों के कारण एक बार फिर चर्चा में हैं। उन्होंने तुर्किये सरकार के सामने एक अजीब मांग रखी है। कैनेरुगाबा ने तुर्किये से 1 अरब डॉलर यानी लगभग 9000 करोड़ रुपये और देश की सबसे खूबसूरत महिला को अपनी पत्नी बनाने की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें 30 दिन के भीतर पूरी नहीं हुईं, तो युगांडा तुर्किये के साथ सभी कूटनीतिक संबंध तोड़ देगा और तुर्किश एयरलाइंस पर भी प्रतिबंध लगा देगा।
सोमालिया मिशन और भारी जुर्माने की मांग
कैनेरुगाबा ने तुर्किये पर आरोप लगाया है कि उसने सोमालिया में बुनियादी ढांचे और बंदरगाह परियोजनाओं से भारी मुनाफा कमाया है, जबकि वहां आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई का असली बोझ युगांडा की सेना ने उठाया है। इसी मुआवजे के तौर पर उन्होंने भारी भरकम राशि की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि या तो तुर्किये यह भुगतान करे या फिर वे उनका दूतावास बंद करवा देंगे।
विवादों से पुराना नाता
50 वर्षीय मुहूजी कैनेरुगाबा पहले भी ऐसे विवादित प्रस्ताव दे चुके हैं। साल 2022 में उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को शादी के बदले 100 गाय देने की पेशकश की थी। इसके अलावा उन्होंने केन्या की राजधानी नैरोबी पर कब्जा करने और अमेरिकी राजनयिक को गिरफ्तार करने जैसी धमकियां भी दी हैं। वर्तमान में उन्हें राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी का संभावित उत्तराधिकारी माना जाता है।
