रेस्टोरेंट पर काम करने वाले युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, मौत

मौत

उज्जैन, अग्निपथ। घटिया थाना क्षेत्र स्थित बच्चुखेड़ी ग्राम के समीप गुरुवार रात करीब 8 बजे बाइक से घर जा रहे रेस्टोरेंट कर्मचारी को अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दुर्घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। पीछे बाइक पर आ रहे अन्य साथी उसे लेकर जिला अस्पताल आए। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

पानबिहार का रहने वाला सौरभ पिता मायाराम बोराना उम्र 21 वर्ष उज्जैन में नैवेद्यम रेस्टोरेंट पर काम करता था। रात 8 बजे वह नौकरी का समय पूरा कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। उसके अन्य साथी पीछे दूसरी बाइक से आ रहे थे। इसी दौरान रात 8.30 बजे ग्राम बच्चुखेड़ी के पास तेज गति और लापरवाही से आए अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी।

हादसे में सौरभ की मौत हो गई। बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। सौरभ का एक छोटा भाई और बहन है। घर में कमाने वाला वो ही बड़ा बेटा था।

जयसिंहपुरा में रात 1 बजे युवक ने फांसी लगाई, मौत

महाकाल थाना क्षेत्र स्थित जयसिंहपुरा में रहने वाले युवक ने गुरुवार शुक्रवार की दरमियानी रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार सुबह परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस ने बताया मनीष पिता कुशल राव गरुड ने अज्ञात कारणों के चलते रात 1 बजे जयसिंह पुरा स्थित अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फांसी के फंदे पर लटका हुआ उसे उसके पिता ने देखा और शोर मचा दिया। इस पर अन्य परिजन जाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल लेकर आए।

यहां डॉक्टर ने उसकी मौत की पुष्टि की। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मर्चुरी में रखवाया। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस मामले में जांच कर रही है। मृतक मनीष भाजपा कार्यकर्ता जयंत गरुड़ का भाई है। महाकाल थाना क्षेत्र में उसके पुराने आपराधिक रिकार्ड भी है। दोस्तो ने बताया कि वह शादीशुदा था और उसके दो बच्चे भी हैं।

भैरवगढ़ प्रिंट का काम करने वाले युवक ने जहर खाया, मौत

भैरवगढ़ थाना क्षेत्र में भैरवगढ़ प्रिंट का काम करने वाले युवक ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगडऩे पर परिजन उसे तत्काल चरक अस्पताल लेकर जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया । डॉक्टरों ने भी जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक का नाम नीलेश पिता कमल परमार उम्र 21 वर्ष निवासी तोड़ी मोहल्ला, भैरवगढ़ है। वह कपड़ों पर प्रिंटिंग का काम करता था। गुरुवार रात को वह बाहर से ही जहरीला पदार्थ खाकर घर आया । रात करीब 10.30 बजे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल चरक अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।

परिजनों का कहना है कि वह इकलौता बेटा था, उसकी दो छोटी बहनें हैं। उस पर कोई कर्ज भी नहीं था और किसी तरह की परेशानी भी नहीं थी, फिर भी उसने ऐसा क्यों किया, इसकी जानकारी नहीं है। शुक्रवार सुबह पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।

Next Post

इंगोरिया में पशु चिकित्सक रिश्वत लेते गिरफ्तार

Fri Sep 12 , 2025
गाय की पोस्टमार्टम रिपोर्ट देने के लिए मांग रहा था 10 हजार रुपए रिश्वत उज्जैन, अग्निपथ। बडऩगर तहसील के ग्राम दंगवाड़ा निवासी अर्जुन गुर्जर की शिकायत पर लोकायुक्त पुलिस ने इंगोरिया पशु चिकित्सालय में पदस्थ पशु चिकित्सक डॉ. मनमोहनसिंह पवैया को 9 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार […]

Breaking News