सीहोर, अग्निपथ। सीहोर जिले के भैरुन्दा थाना अंतर्गत अंबर नदी के पास 25 फरवरी को मिली अज्ञात युवती की अंधी हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतिका की पहचान असम निवासी 32 वर्षीय राजीना बेगम के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि राजीना की हत्या उसके लिव-इन पार्टनर नीतेश यादव ने अपने भाई सचिन के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी साक्ष्यों और सोशल मीडिया की मदद से आरोपी तक पहुँचने में सफलता प्राप्त की है।
घटनाक्रम के अनुसार राजीना बेगम हैदराबाद की एक कंपनी में पैकिंग का कार्य करती थी। वहां उसकी मुलाकात नर्मदापुरम निवासी नीतेश यादव से हुई और दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। विवाद तब शुरू हुआ जब नीतेश की शादी कहीं और तय हो गई और 13 फरवरी को उसकी सगाई हो गई। राजीना से पीछा छुड़ाने के उद्देश्य से नीतेश उसे अपने गांव आरी ले आया। 25 फरवरी की सुबह लगभग 4 बजे उसने गला दबाकर राजीना की हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए अपने भाई की मदद से शव को बाइक पर ले जाकर अंबर नदी के पुल से नीचे फेंक दिया।
चूंकि प्राथमिक घटनास्थल माखननगर जिला नर्मदापुरम का क्षेत्र है, इसलिए पुलिस ने जीरो पर प्राथमिकी दर्ज कर डायरी संबंधित थाने को भेज दी है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशानुसार की गई इस त्वरित कार्रवाई में तेलंगाना पुलिस की मिसिंग रिपोर्ट और सोशल मीडिया के माध्यम से हुई शिनाख्त ने मुख्य भूमिका निभाई।
