वन विभाग ने किया अवैध लकड़ी से भरा पिकअप वाहन जब्त

धार, अग्निपथ। वन मंडल धार द्वारा अवैध लकड़ी तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत 16 मार्च की रात एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। वन मंडल अधिकारी विजयानंथम टी. आर. के मार्गदर्शन में की गई इस घेराबंदी ने क्षेत्र के वन माफियाओं में हडक़ंप मचा दिया है। मुखबिर से प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए कीमती लकड़ी से लदा एक पिकअप वाहन राजसात किया है।

ग्राम धोलाहनुमान में घेराबंदी कर पकड़ा वाहन- वन परिक्षेत्र अधिकारी सचिन सयदे के नेतृत्व में गश्ती एवं चेकिंग दल ने ग्राम धोलाहनुमान के समीप मोर्चा संभाला। इस दौरान संदिग्ध वाहन क्रमांक एमपी-13-जेडजे-1118 को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसमें भारी मात्रा में जामुन की लकड़ी भरी पाई गई। वाहन चालक पवन, निवासी मोहनपुरा और वाहन मालिक असलम खान, निवासी गुलमोहर कॉलोनी (धार) मौके पर लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके।

30-40 क्विंटल लकड़ी बरामद

विभागीय जांच में वाहन से लगभग 30 से 40 क्विंटल अवैध जामुन की लकड़ी बरामद की गई है। जब्त की गई लकड़ी का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 25 हजार रुपये आंका गया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है। वन विभाग ने वाहन और लकड़ी को अपने कब्जे में लेकर संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।

जांच जारी और सख्त कार्रवाई की तैयारी

वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण और वन संपदा को नुकसान पहुँचाने वाले तत्वों के विरुद्ध यह शक्ति आगे भी जारी रहेगी। फिलहाल विभाग इस मामले में आगे की कडिय़ों को जोड़ रहा है ताकि अवैध लकड़ी व्यापार के मुख्य नेटवर्क तक पहुँचा जा सके। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और आगामी दिनों में कुछ अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की छापामार कार्रवाई की संभावना जताई गई है।

Next Post

घरेलू गैस संकट के बीच राज्यों को राहत, एलपीजी कोटे में 10 फीसदी की बढ़ोतरी

Wed Mar 18 , 2026
नई दिल्ली, अग्निपथ। ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के कारण देश में उत्पन्न हुई रसोई गैस की किल्लत को देखते हुए केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। बुधवार को सरकार ने घोषणा की कि सभी राज्यों को एलपीजी का 10 फीसदी अतिरिक्त कोटा उपलब्ध कराया जाएगा। प्रधानमंत्री […]