विकास के दावों की खुली पोल: तीन साल पहले हुआ था भूमिपूजन, आज तक लापता है सड़क

सीहोर, अग्निपथ। सीहोर विधानसभा क्षेत्र के अंतिम छोर पर स्थित टांडा से मेंडोरा मार्ग की जर्जर हालत ने विकास के दावों की जमीनी हकीकत उजागर कर दी है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने इस मुद्दे को लेकर प्रशासन और सत्ताधारी दल पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस सड़क का तीन साल पहले बड़े-बड़े वादों और ढोल-नगाड़ों के साथ भूमिपूजन किया गया था, वह सड़क आज भी धरातल से गायब है। केवल चुनावी लाभ के लिए जनता को झूठा भरोसा दिलाया गया था।

धूल और जानलेवा गड्ढों के बीच नारकीय जीवन

राजीव गुजराती ने बताया कि सड़क का निर्माण कार्य अधर में लटकने से टांडा और मेंडोरा क्षेत्र के ग्रामीणों का जीवन अत्यंत कष्टकारी हो गया है। सड़क पर मौजूद गहरे गड्ढे आए दिन हादसों को न्योता दे रहे हैं। वाहन चलते समय उड़ने वाले धूल के गुबार के कारण दृश्यता शून्य हो जाती है, जिससे मोटरसाइकिल सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। बारिश के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब कीचड़ के कारण बीमारों को अस्पताल ले जाना तक असंभव हो जाता है।

चुनावी पत्थर खड़ा, सड़क का नामोनिशान नहीं

जिलाध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के समय फीते काटकर और फोटो खिंचवाकर जनता को सुनहरे सपने दिखाए गए थे। आज वह भूमिपूजन का पत्थर तो अपने स्थान पर खड़ा है, लेकिन सड़क का कहीं अता-पता नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह आयोजन सिर्फ वोट बटोरने के लिए किया गया था। ठेकेदार और विभाग की मिलीभगत का खामियाजा आज क्षेत्र की मासूम जनता भुगत रही है।

कार्रवाई की मांग और उग्र आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस ने जिला प्रशासन से दो टूक शब्दों में मांग की है कि लापरवाह ठेकेदार को तत्काल काली सूची में डाला जाए और सड़क का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया जाए। राजीव गुजराती ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो कांग्रेस पार्टी ग्रामीणों के अधिकारों के लिए उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। विकास केवल पोस्टरों और बैनरों तक सीमित न रहकर जमीन पर दिखना चाहिए।

Next Post

सिंहस्थ 2028 की तैयारी: अवैध निर्माणों पर चला नगर निगम का बुलडोजर, आश्रमों और धर्मशालाओं के अतिक्रमण ध्वस्त

Wed Feb 25 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की भव्य तैयारियों के मद्देनजर नगर निगम ने बुधवार को बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। निगम अमले ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में नृसिंह घाट से लेकर लालपुल ब्रिज मार्ग तक वर्ष 2016 के बाद किए गए सभी पक्के अवैध […]

Breaking News