विक्रमगढ़ में धर्मस्थल पर हक के लिए झड़प-पथराव, दुकानों में तोडफ़ोड़

14 लोगों पर केस दर्ज

जावरा/रतलाम। विक्रमगढ़ में धर्मस्थल के बाहर दो पक्षों में पथराव हो गया। आसपास की कुछ दुकानों में तोडफ़ोड़ कर दी गई। झड़प में 3 लोग घायल हो गए। आलोट थाना से पुलिस पहुंची। भारी हंगामे को देखते हुए आसपास के थानों का भी बल मंगाया गया, तब जाकर हालात पर काबू पाया जा सका। एडिशनल एसपी और एसडीओपी आलोट प्रियंका डुडवे भी पुलिस फोर्स के साथ गांव में पहुंचीं। लोगों से शांति बहाली की अपील की। एसडीओपी ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है। झगड़ा करने वालों को चिन्हित कर हिरासत में लिया जा रहा है। 14 लोगों पर केस दर्ज किया जा चुका है।

दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे

जो धर्मस्थल है, उसे एक पक्ष बाबा रामदेव का मंदिर बताकर पूजा करता है। दूसरे पक्ष का कहना है कि यह बाबा पीर की दरगाह है। कुछ लोगों का कहना है कि अकसर यहां आरती होती है। रविवार रात भी 8 बजे आरती हुई। इसके बाद जयकारे और नारेबाजी के दौरान कुछ लोगों ने आपत्ति लेते हुए विवाद शुरू कर दिया। दूसरे पक्ष का कहना है कि हम दरगाह के पास खड़े थे, तभी मुंज गांव तरफ से लोग आए और जयकारे लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया।

रात 10 के बाद 11 बजे फिर गर्माया माहौल

एक पक्ष के कमल चौहान झड़प में घायल हुए। उनका कहना है कि आरती किए जाने को लेकर कुछ लोगों में बहस हो गई। वह वहां से गुजर रहे थे, तभी उनके साथ मारपीट की गई। दोनों पक्षों के लोग जमा हो गए। विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि धर्मस्थल के पास मनीष सेठिया व एक अन्य की दुकान में तोडफ़ोड़ हुई। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया। रात 10 बजे जगह-जगह पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इसके बाद मामला शांत हो सका। आलोट नगर में रात 11 बजे माहौल गर्माने पर पुलिस तैनात करना पड़ी।

रामदेवजी की मुख्य समाधि राजस्थान में

दरअसल, सैकड़ों सालों से रामदेवजी के मूल समाधिस्थल और मंदिर दोनों समुदाय के लोग इबादत और पूजा करते हैं। यह स्थान राजस्थान के जैसलमेर में है, लोग इस क्षेत्र को रामदेवरा कहते हैं। वहां आज तक कोई विवाद नहीं हुआ, लेकिन यहां उनके अनुयायी पूजा और इबादत को लेकर लड़ रहे हैं। मुस्लिम लोग उन्हें रामसा पीर कहते हैं।
वहीं, हिंदू उन्हें रामदेवजी। रामदेवजी को मानने वालों में मुख्यत: राजस्थान, गुजरात और मध्यप्रदेश के लोग शामिल हैं।

Next Post

आलीराजपुर दाहोद मार्ग पर गरबाड़ा के समीप दर्दनाक हादसा

Mon Jan 10 , 2022
जैक फिसलने से अंदर घुसे ड्राइवर की बस के नीचे दबने से मौत आलीराजपुर, अग्निपथ। आलीराजपुर से दाहोद चलने वाली एक अंतर प्रांतीय यात्री बस के नीचे जैक चढ़ाने के लिए घुसे हुए चालक की बस का जैक फिसल जाने से उसी बस के नीचे दब जाने से सोमवार को […]

Breaking News