शराब दुकान से सरेआम लूट: कांग्रेस विधायक के भाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

धार, अग्निपथ। धार जिले की डही तहसील में स्थित एक शराब दुकान में घुसकर शराब की बोतलें लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग जबरन दुकान में प्रवेश कर अलमारियों में रखी महंगी बोतलें उठाकर ले जाते दिख रहे हैं। वीडियो में कांग्रेस नेता अर्जुन सिंह बघेल भी नजर आ रहे हैं, जो पूर्व मंत्री व वर्तमान कांग्रेस विधायक सुरेंद्र सिंह बघेल के भाई और उनके विधायक प्रतिनिधि हैं। घटना के दौरान दुकान में मौजूद कर्मचारी दबंगई के डर से मूकदर्शक बने रहे।

काउंटर फांदकर घुसे युवक, कार में भरकर ले गए शराब

जानकारी के अनुसार यह वारदात 4 फरवरी की रात डही स्थित शराब दुकान पर हुई। वायरल वीडियो के दृश्यों में स्पष्ट दिख रहा है कि कांग्रेस नेता अर्जुन सिंह बघेल दुकान के बाहर खड़े हैं और बोतलें नहीं देने पर अपने समर्थक को अंदर घुसने का इशारा करते हैं। इसके बाद एक युवक काउंटर पर चढ़कर दुकान के भीतर घुस जाता है और वहां से महंगी शराब की बोतलें निकालकर बाहर रोड पर खड़ी कार में रखने लगता है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें चार लोग खुलेआम लूटपाट करते नजर आ रहे हैं।

हाथ जोड़कर खड़ा रहा बुजुर्ग कर्मचारी

शराब दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक विचलित करने वाला दृश्य भी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि दुकान पर काम करने वाला एक बुजुर्ग कर्मचारी कांग्रेस नेता और उनके साथियों के सामने हाथ जोड़कर खड़ा है। बताया जा रहा है कि हमलावरों की दबंगई और रसूख के कारण कर्मचारियों ने शराब लूटने का कोई विरोध नहीं किया। विधायक प्रतिनिधि होने के नाते अर्जुन सिंह बघेल क्षेत्र का सारा काम संभालते हैं, जिसके चलते कर्मचारियों में भय का माहौल देखा गया।

पुलिस को शिकायत का इंतजार

इस पूरे मामले में डही थाना प्रभारी दिलीप कुमार ताड़ीवाला का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली है। हालांकि, अभी तक शराब दुकान संचालक या कर्मचारियों की ओर से थाने में कोई लिखित आवेदन या शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो नियमों के अनुसार उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

बदनावर में अवैध शराब तस्करों का आतंक: चेकिंग के दौरान कंपनी कर्मचारियों पर हमला, एक गंभीर

Fri Feb 6 , 2026
धार, अग्निपथ। धार जिले की बदनावर तहसील में शुक्रवार तड़के अवैध शराब की तस्करी रोक रहे शराब कंपनी के कर्मचारियों पर जानलेवा हमला किया गया। तस्करों ने वाहन रोकने की बात पर विवाद करते हुए कर्मचारियों के साथ जमकर मारपीट की और उनके वाहन में तोड़फोड़ की। इस हमले में एक […]

Breaking News