शाजापुर: बीमारी के इलाज के लिए जुटाए पैसे आग में स्वाहा

अयोध्या बस्ती में भीषण अग्निकांड, लाखों का नुकसान

शाजापुर, अग्निपथ। बीमारी के इलाज के लिए उधार और लोन लेकर जुटाए गए पैसे चंद मिनटों में ही राख के ढेर में तब्दील हो गए। शहर के वार्ड क्रमांक 3 स्थित अयोध्या बस्ती में बुधवार देर रात एक मकान में हुए भीषण अग्निकांड ने एक परिवार को गहरे आर्थिक संकट में डाल दिया है। शॉर्ट सर्किट से भड़की इस आग में न सिर्फ टीवी-फ्रिज और सोने-चांदी के जेवर खाक हुए, बल्कि इलाज के लिए घर में रखी 1 लाख 20 हजार रुपये की जीवन रक्षक नकदी भी जलकर स्वाहा हो गई।

घर के बाहर बैठा था परिवार, अंदर सुलग रही थी तबाही

मिली जानकारी के अनुसार, आगजनी की यह दर्दनाक घटना मदन कुशवाहा के मकान में हुई। बुधवार रात करीब 11:30 बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक घर के अंदर से तेज धुआं उठता दिखाई दिया। अनहोनी की आशंका से जब उन्होंने अंदर जाकर देखा, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। लपटें देखकर क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

इलाज के लिए कर्ज लेकर जुटाए थे पैसे

इस आग ने कुशवाहा परिवार को भारी नुकसान पहुंचाया है। पीड़ित मदन कुशवाहा की पत्नी संगीता कुशवाहा ने बताया कि उनकी तबीयत खराब चल रही है। अस्पताल के खर्चों के लिए उन्होंने हाल ही में एक समूह से 80 हजार रुपये का लोन लिया था। इसके अलावा 40 हजार रुपये अपने भाई से उधार लिए थे। कुल 1 लाख 20 हजार रुपये की यह नकद राशि घर में ही रखी थी, जिसे आग ने पूरी तरह नष्ट कर दिया। इसके साथ ही घर के जेवर और आवश्यक घरेलू सामान भी आग की भेंट चढ़ गए।

Next Post

ओमकार केमिकल के कर्मचारियों की सुनने की क्षमता हुई खत्म, कलेक्टर से की शिकायत

Thu Apr 2 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन के नागझिरी औद्योगिक क्षेत्र स्थित ओमकार केमिकल कंपनी में काम करने वाले दो दर्जन से अधिक कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि केमिकल फैक्ट्री में काम करने के दौरान उनकी सुनने की क्षमता 90 प्रतिशत तक खत्म हो चुकी […]

Breaking News