शादी के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी मैरिज ब्यूरो का पर्दाफाश, संचालक गिरफ्तार

giraftar

शादी कराने के बहाने लोगों से ऐंठ रहे थे रुपये, पुलिस ने दबिश देकर चार लड़कियों को हिरासत में लिया

उज्जैन, अग्निपथ। माधवनगर थाना क्षेत्र स्थित फ्रीगंज में गुरुद्वारे के पीछे संचालित हो रहे एक फर्जी मैरिज ब्यूरो ‘शुभारंभ संस्था’ पर पुलिस ने दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की है। शादी कराने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले इस संस्था के संचालक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान कार्यालय से चार लड़कियों को भी हिरासत में लिया गया था, जिनसे पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।

माधवनगर थाना प्रभारी राकेश भारती ने बताया कि फ्रीगंज में मिनी चौपाटी के पास ‘शुभारंभ संस्था’ के नाम से मैरिज ब्यूरो चलाए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना मिली थी कि संस्था का संचालक लोगों को शादी का झांसा देकर ठग रहा है। पुलिस ने जब मौके पर दबिश दी, तो वहाँ कुछ लोग मौजूद मिले जिन्हें लड़की दिखाने के बहाने बुलाया गया था। पूछताछ में सामने आया कि ये लोग पहले भी कई बार यहाँ चक्कर काट चुके हैं और संचालक गोपाल उमठ (निवासी कमल कॉलोनी) को 16 हजार रुपये भी दे चुके हैं। जब पुलिस ने संचालक से संस्था के दस्तावेज मांगे, तो वे फर्जी पाए गए।

एक साल से चक्कर लगा रहा था पीड़ित परिवार

सीहोर जिले की जावर तहसील के रहने वाले विष्णु पिता चरणदास बैरागी ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। विष्णु ने पुलिस को बताया कि वह अपनी शादी के लिए लड़की की तलाश कर रहा था और 6 मार्च 2025 को इस संस्था के संपर्क में आया था। संचालक गोपाल उमठ ने उसे भरोसा दिलाया था कि वह रीति-रिवाजों से उसकी शादी करवाएगा।

इसके नाम पर मार्च से फरवरी तक आरोपी ने विष्णु से कई किस्तों में कुल 16 हजार रुपये ऐंठ लिए। आरोपी बार-बार झूठे रिश्ते दिखाकर उसे बेवकूफ बनाता रहा। जब भी लड़की दिखाई जाती, तो उसके साथ केवल एक महिला होती थी जिसे लड़की की माँ बताया जाता था, लेकिन कभी पिता या अन्य परिजन सामने नहीं आते थे। हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर शादी की बात टाल दी जाती थी। पुलिस ने विष्णु की शिकायत पर आरोपी गोपाल उमठ के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।

Next Post

चरक अस्पताल की बड़ी लापरवाही: बिजली गुल होने पर जनरेटर में नहीं मिला डीजल, अंधेरे में डूबा अस्पताल

Thu Feb 26 , 2026
एक घंटे तक ठप रहीं सोनोग्राफी और ओपीडी सेवाएं, मोबाइल टॉर्च की रोशनी में हुआ काम, लिफ्ट में फंसे मरीज उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल चरक भवन में गुरुवार सुबह उस वक्त अव्यवस्थाओं का अंबार देखने को मिला, जब अचानक बिजली गुल हो गई। इस संकट […]

Breaking News