उज्जैन, अग्निपथ। चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र के मोहन नगर से लापता हुए युवक अनिल सोलंकी की कार ऋणमुक्तेश्वर नदी के पुल पर लावारिस हालत में मिलने से सनसनी फैल गई है। इस बरामदगी के बाद आशंका गहरा गई है कि लापता युवक ने नदी में छलांग लगा दी है। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने मंगलवार को दिनभर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
माता-पिता से मिलकर लौट रहा था अनिल
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनिल (पिता आनंद सोलंकी) पेशे से ड्राइवर है और वर्तमान में अपनी पत्नी के साथ धर्मपुरी में रहता है। उसके माता-पिता चिमनगंज मंडी क्षेत्र के मोहन नगर में निवास करते हैं। बीती 21 मार्च की रात अनिल धर्मपुरी से उज्जैन अपने माता-पिता से मिलने आया था। रात लगभग 10 बजे वह वापस धर्मपुरी जाने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में ऋणमुक्तेश्वर पुल पर अपनी कार खड़ी कर वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया।
सुराग मिलने के बाद पुख्ता हुई आशंका
पुल पर खड़ी मिली कार तिलकश्वर निवासी एक व्यक्ति की बताई जा रही है, जिसे अनिल चलाता था। चिमनगंज मंडी थाने में अनिल की गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले से ही दर्ज थी। कार मिलने के बाद यह लगभग निश्चित हो गया है कि शिप्रा नदी के पुल से छलांग लगाने वाला युवक अनिल ही है। एनडीआरएफ और पुलिस की टीमों ने मंगलवार शाम 6 बजे तक नदी की गहराई में खोजबीन की, परंतु सफलता हाथ नहीं लगी।
बुधवार सुबह फिर शुरू होगा रेस्क्यू
नदी की गहराई और समय बीतने के कारण अनिल के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई जा रही है। अंधेरा होने के कारण मंगलवार शाम को रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया था। अब बुधवार सुबह से एनडीआरएफ की टीम दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू करेगी। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है कि आखिर ऐसी क्या परिस्थिति बनी कि युवक को यह कदम उठाना पड़ा।
