शुजालपुर के ग्राम नरोला में रास्ते के विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे चले, एक गंभीर

शाजापुर, अग्निपथ। जिले के शुजालपुर सिटी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नरोला में खेत के रास्ते का विवाद अखाड़े में तब्दील हो गया। रास्ते पर पत्थर डालने जैसी मामूली बात ने इतना तूल पकड़ा कि दो पक्षों के बीच जमकर लाठीबाजी हुई। सरेआम चले लाठी-डंडों के इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के लोग चोटिल हुए हैं, जिनमें से एक युवक की हालत नाजुक होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

कहासुनी से शुरू हुआ विवाद और चलने लगीं लाठियां

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरोला निवासी 45 वर्षीय प्रेमनारायण मालवीय अपने बेटे राजकुमार और भतीजे इमरत सिंह के साथ खेत जाने वाले रास्ते पर पत्थर डलवा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही रईस बेग, अनस बेग, लाला बेग और आमीन बेग मौके पर पहुँच गए और पत्थर डालने का विरोध करने लगे। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इस हिंसक झड़प में इमरत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

वीडियो वायरल, पांच आरोपियों पर एफआईआर दर्ज

इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच खुलेआम लाठी-डंडे चलते देखे जा सकते हैं। पुलिस इस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है। शुजालपुर सिटी थाना पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए फरियादी पक्ष की शिकायत पर रईस बेग, अनस बेग, लाला बेग, आमीन बेग और नामदार बेग के खिलाफ मारपीट और जातिसूचक गालियां देने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है और पुलिस जांच में जुटी है।

Next Post

उज्जैन में पहली बार अंतरराष्ट्रीय फिडे रेटिंग शतरंज टूर्नामेंट आज से

Fri Mar 20 , 2026
2 लाख के कुल पुरस्कारों के लिए भिड़ेंगे 300 खिलाड़ी उज्जैन, अग्निपथ। धर्म और संस्कृति की नगरी उज्जैन के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जुडऩे जा रहा है। शहर में पहली बार प्रथम रायसोनी मेमोरियल अंतरराष्ट्रीय फिडे रेटिंग रैपिड शतरंज टूर्नामेंट का भव्य आयोजन 21 और 22 मार्च को […]

Breaking News