सडक़ हादसे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत

मौत

बदनावर, अग्निपथ। लेबड़-नयागाँव फोरलेन पर बड़ी चौपाटी से कुछ दूर ग्राम पिटगारा के तिराहे पर शुक्रवार शाम एक सडक़ हादसे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत हो गई। मृतका का नाम सुनीता पति स्व. गोवर्धनसिंह सिसोदिया (42) निवासी ग्राम कानवन बताया गया है। वह ग्राम बीड़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं।

मृतका सुनीता सिसोदिया बदनावर में निर्वाचन संबंधी बैठक में भाग लेने आई थीं। बैठक समाप्त होने के बाद वह अपनी स्कूटी से वापस कानवन जा रही थीं, तभी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गईं। उन्हें तत्काल पास के सरदार पटेल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

बाद में शव को सिविल अस्पताल लाया गया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है। शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। हादसे की सूचना मिलने पर धार से जिला कार्यक्रम अधिकारी सुभाष जैन, सहायक संचालक विक्रांत दामले, परियोजना अधिकारी प्रवीण सितोले, सेक्टर कार्यकर्ता मनीषा ओसारी एवं राजकुमारी पाल के साथ ही तहसीलदार सुरेश नागर व अन्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अस्पताल पहुँचे।

झटका मशीन के करंट से 5 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत

बदनावर, अग्निपथ। ग्राम लीलीखेड़ी के मजरे वडलीपाड़ा में गुरुवार दोपहर बाद घर के पीछे स्थित खेत की मेढ़ पर लगी झटका मशीन से करंट लगने के कारण 5 साल के बच्चे की अकाल मौत हो गई। मृतक आदिवासी परिवार के बच्चे का नाम विष्णु पिता प्रेम बताया गया है। घटना का पता चलने पर उसे बदनावर अस्पताल लाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को मरचुरी रूम में रखवाया। शनिवार सुबह शव का पीएम किया गया। विष्णु गाँव की आंगनबाड़ी से आकर घर के पीछे खेत पर जा रहा था, तभी वह करंट की चपेट में आ गया। वह अपने पिता का इकलौता पुत्र था। पिता ने अपना खेत बटाई पर दिया है, जिसने पशुओं से मटर की फसल को बचाने के लिए झटका मशीन लगा रखी थी।

आरोप है कि लापरवाही के कारण मशीन के तारों में दिन में भी करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

Next Post

जैन संत मौन सागर जी महाराज का संलेखना पूर्वक समाधि मरण

Sat Nov 8 , 2025
36 वर्षों की साधना को मिला विराम सुसनेर, अग्निपथ। जैन धर्म के महान संत समाधिस्थ मुनि भूतबलि सागर जी के शिष्य मुनि मौन सागर जी ने शनिवार की तडक़े त्रिमूर्ति मंदिर में अपनी संत साधना का अंतिम पड़ाव पूर्ण करते हुए सल्लेखना पूर्वक समता मरण प्राप्त किया। इसके साथ ही, […]

Breaking News