खरगोन, अग्निपथ। कलेक्टर भव्या मित्तल ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा पत्रों (टीएल) की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निराकरण में देरी और लापरवाही पर कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी शिकायत बिना अटेंड किए नहीं रहनी चाहिए। सीएम हेल्पलाइन की ग्रेडिंग में सुधार के लिए सीएमएचओ को बीएमओ के साथ बैठक करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान जनवरी माह में शिकायतें लंबित रखने पर महेश्वर के बीएमओ और सीडीपीओ का एक दिन का वेतन काटने के आदेश भी दिए गए। कलेक्टर ने सभी विभागों को 100 दिन से अधिक पुरानी शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाने को कहा।
बैठक में निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने के लिए वन विभाग के साथ बेहतर समन्वय और एनओसी प्राप्त करने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने ‘संकल्प से समाधान’ अभियान के तहत पोर्टल पर पात्र हितग्राहियों की अधिक से अधिक एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ‘सम्पूर्णता अभियान’ के अंतर्गत स्कूलों और आंगनवाड़ियों में शत प्रतिशत शौचालय निर्माण और गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण के समय ही ई-केवाईसी सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती रेखा राठौर सहित जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
