सिंहस्थ निर्माण कार्य के दौरान हादसा: करंट लगने से श्रमिक की मौत, चक्काजाम और हंगामा

उज्जैन, अग्निपथ। धर्मनगरी उज्जैन में सिंहस्थ महापर्व से जुड़े निर्माण कार्यों के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। शुक्रवार शाम को सड़क चौड़ीकरण के कार्य के दौरान करंट लगने से एक श्रमिक की मृत्यु हो गई। इस घटना के विरोध में शनिवार सुबह परिजनों और विभिन्न संगठनों ने चरक अस्पताल के सामने आगरा रोड पर चक्काजाम कर जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की।

ग्राइंडर मशीन चलाते समय हुआ हादसा

मृतक की पहचान 52 वर्षीय राकेश सूर्यवंशी (पिता रामचंद्र सूर्यवंशी) के रूप में हुई है, जो ग्राम खड़ोतिया के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम कोयला फाटक से निजातपुरा मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण और विद्युतीकरण का कार्य चल रहा था। पाइप रिपेयरिंग के दौरान जैसे ही राकेश ने ग्राइंडर मशीन चलाई, वे अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गए। साथी मजदूर उन्हें तत्काल चरक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने की नौकरी और मुआवजे की मांग

शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। शिवसेना, भीम आर्मी और सूर्यवंशी समाज के लोग चरक अस्पताल के बाहर एकत्र हुए और आगरा रोड पर जाम लगा दिया। लगभग एक घंटे तक चले इस हंगामे के दौरान प्रदर्शनकारियों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने, परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने और मृतक के बेटे को नगर निगम में आउटसोर्स के माध्यम से नौकरी देने की मांग रखी।

सूचना देरी से देने का आरोप

मृतक के पुत्र अभिषेक सूर्यवंशी ने प्रशासन और संबंधित विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें घटना की जानकारी समय पर नहीं दी गई। अभिषेक के अनुसार, उसे एक मित्र के माध्यम से पिता के साथ हुए हादसे का पता चला और जब वह अस्पताल पहुंचा, तब तक शव को पोस्टमार्टम कक्ष में रखा जा चुका था। पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है, जिसके बाद जाम खोला गया।

Next Post

नगर निगम की नेशनल लोक अदालत: करदाताओं में दिखा उत्साह, फूलों से हुआ स्वागत

Sat Mar 14 , 2026
उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम उज्जैन द्वारा शनिवार, 14 मार्च को शासन के निर्देशानुसार सभी जोनल कार्यालयों में नेशनल लोक अदालत का भव्य आयोजन किया गया। इस वित्तीय वर्ष की अंतिम लोक अदालत होने के कारण शहर के जागरूक करदाताओं में अपनी जिम्मेदारी निभाने के प्रति खासा उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या […]

Breaking News