सेमलीपुरा और छोटा उमरिया के भगोरिया हाट में मांदल की थाप पर थिरका आदिवासी अंचल

धार, अग्निपथ। धार जिले के वनवासी क्षेत्रों में इन दिनों लोक संस्कृति के महापर्व भगोरिया की अनूठी धूम मची हुई है। रंगों के त्योहार होली से पहले मनाए जाने वाले इस उत्सव का रंग तिरला विकासखंड के ग्राम छोटा उमरिया और सेमलीपुरा में देखते ही बन रहा है। यहाँ आयोजित भगोरिया हाट में परंपरा और आधुनिकता का एक ऐसा संगम देखने को मिला, जहाँ बुजुर्गों के अनुभव और युवाओं के उत्साह ने पूरे माहौल को उत्सवमयी बना दिया।

हाट के दौरान करीब 150 से अधिक नृत्य दल मांदल की थाप और ढोल-मजीरों के साथ शामिल हुए। मेले में वनवासी अंचल से आए आदिवासी भाई-बहनों ने जमकर खरीदारी की। हाट के बाजारों में मिर्च-मसाले और रोजमर्रा की वस्तुओं के साथ-साथ चांदी के पारंपरिक आभूषणों की दुकानों पर खासी भीड़ नजर आई। चिलचिलाती धूप के बीच लोगों ने आइसक्रीम, ठंडाई और कोल्ड ड्रिंक का आनंद लिया, वहीं पान की दुकानों पर भी शौकीनों का जमावड़ा लगा रहा।

आधुनिक रंग में रंगा युवा वर्ग

इस बार के भगोरिया में युवा पीढ़ी का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। कहीं युवा आंखों पर काला चश्मा चढ़ाए टशन में नजर आए, तो कहीं युवतियां एक जैसे ड्रेस कोड और चश्मा लगाकर ‘मॉडल’ की थाप पर थिरकती दिखीं। ऐसा लग रहा था मानो परंपरा के आंगन में आधुनिकता ने कदम रख दिया हो। युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग भी अपनी सुध-बुध भूलकर मांदल की थाप पर मस्ती में झूमते नजर आए।

अतिथियों ने भी मिलाए कदम

राजनीतिक और सामाजिक उत्साह भी इस लोक पर्व का हिस्सा बना। भारतीय जनता पार्टी की ओर से जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा, भाजपा नेता विश्वास पांडे, जनपद अध्यक्ष सीताराम सिंगर, अनिल यादव, विशाल राठौर, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजू बघेल और ग्राम सरपंच ने मंच लगाकर सभी मांदल दलों का आत्मीय स्वागत किया। अतिथियों ने नृत्य दलों को परितोषित वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उत्साह का आलम यह था कि मंच पर मौजूद अतिथि भी खुद को रोक नहीं पाए और मांदल संभालकर ग्रामीणों के साथ जमकर थिरके।

भगोरिया का यह उल्लास न केवल आपसी मेल-मिलाप का जरिया बना, बल्कि इसने मालवा-निमाड़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की एक जीवंत झांकी भी प्रस्तुत की।

Next Post

महाकाल लोक के पास होटल संतोष पैलेस में भीषण आग, मची अफरा-तफरी

Thu Feb 26 , 2026
तीसरी मंजिल पर रखे रजाई-गद्दों ने पकड़ा बारूद जैसा वेग, स्थानीय युवाओं ने जान पर खेलकर बुझाई आग उज्जैन, अग्निपथ। महाकाल लोक के सामने वाली लाइन में जयसिंहपुरा क्षेत्र स्थित होटल संतोष पैलेस में बुधवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब होटल की तीसरी मंजिल से आग की भीषण […]
fire आग

Breaking News