सेवाधाम आश्रम में डेढ़ माह में 11 बच्चों की मौत से हड़कंप, हाईकोर्ट ने लिया संज्ञान

बहु-दिव्यांग बच्चों की मौत का मामला: मुख्य सचिव और कलेक्टर समेत कई अधिकारियों को नोटिस जारी

उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन के अंबोदिया स्थित अंकित सेवाधाम आश्रम में बच्चों की मृत्यु का एक विचलित करने वाला मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 के बीच महज डेढ़ महीने के अंतराल में 11 बच्चों की मौत हो गई है। मरने वाले अधिकांश बच्चे बहु-दिव्यांग थे और उनकी आयु 10 से 18 वर्ष के बीच थी। इन सभी बच्चों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया था, जहाँ उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

बीते एक साल में आश्रम में कुल 17 बच्चों की मौत की जानकारी सामने आने के बाद बुधवार को हाईकोर्ट ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाया है। कोर्ट ने मामले पर स्वतः संज्ञान लेते हुए प्रदेश के मुख्य सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रमुख सचिव, आयुक्त, उज्जैन कलेक्टर, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी और आश्रम अधीक्षक को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने सभी पक्षों से दो सप्ताह में जवाब मांगा है और आश्रम की विस्तृत निरीक्षण रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई 12 मार्च को तय की गई है।

चरक भवन अस्पताल में हुआ पोस्टमार्टम

मृतक बच्चों का पोस्टमार्टम शासकीय चरक भवन अस्पताल में भैरवगढ़ पुलिस की मौजूदगी में कराया गया। अस्पताल के आरएमओ डॉ. चिन्मय चिंचोलकर ने बताया कि बच्चों को अत्यंत गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। कुछ बच्चों की मौत अस्पताल पहुँचने से पहले ही हो चुकी थी, जबकि कुछ ने इलाज के दौरान दम तोड़ा। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, अधिकांश मौतों के पीछे ‘एनीमिया’ (खून की कमी) एक बड़ा कारण बनकर उभरा है।

आश्रम में 250 बच्चे, 50 की हालत अब भी गंभीर

अंकित सेवाधाम आश्रम में वर्तमान में करीब 250 निराश्रित और दिव्यांग बच्चे रह रहे हैं। आश्रम संचालक सुधीर भाई गोयल ने बताया कि इनमें से 50 से अधिक बच्चों की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आश्रम में आने वाले अधिकांश बच्चे पहले से ही गंभीर बीमारियों और कुपोषण से पीड़ित होते हैं। कई बच्चे ऐसे हैं जो न चल सकते हैं और न ही स्वयं भोजन कर पाने में सक्षम हैं।

इंदौर के आश्रम से शिफ्ट किए गए थे बच्चे

उल्लेखनीय है कि करीब डेढ़ साल पहले इंदौर के ‘युग पुरुष धाम आश्रम’ में बच्चों की बीमारी और मौत का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने वहां की मान्यता रद्द कर दी थी। उस दौरान वहां रह रहे 36 दिव्यांग बच्चों को उज्जैन के सेवाधाम आश्रम में शिफ्ट किया गया था। बताया जा रहा है कि वर्तमान में जिन बच्चों की मृत्यु हुई है, उनमें से अधिकांश उसी आश्रम से यहाँ लाए गए थे। आश्रम प्रबंधन का कहना है कि इन बच्चों का इलाज पहले से ही विभिन्न स्थानों पर चल रहा था और उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए ही उन्हें यहाँ रखा गया था।

सेवाधाम आश्रम में मृत बच्चों का विवरण:

  • 20 नवंबर 2025: छोटू उर्फ अटल (18 साल)

  • 06 दिसंबर 2025: सुशीला दास (15 साल) और रानी (24 साल)

  • 08 दिसंबर 2025: कृष्णा (19 साल)

  • 12 दिसंबर 2025: परी (10 साल)

  • 25 दिसंबर 2025: निहारिका (19 साल)

  • 28 दिसंबर 2025: पवन (16 साल) और दीपाली (31 साल)

  • 30 दिसंबर 2025: कबीर (18 साल)

  • 01 जनवरी 2026: शीतल (20 साल)

  • 10 जनवरी 2026: जया

Breaking News