सीहोर, अग्निपथ। भारतीय जनता पार्टी सीहोर द्वारा जिला मुख्यालय पर सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत प्रबुद्धजन सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के बुद्धिजीवियों को एक साथ लाना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और कार्यों पर चर्चा करना था।
मुख्य वक्ता स्वच्छता अभियान के प्रदेश सह-संयोजक चंद्रशेखर रघुवंशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और संगठन के मूल मंत्र पर काम करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीति की परिभाषा बदल दी है और यह साबित कर दिया है कि राजनीति केवल सत्ता पाने का ज़रिया नहीं, बल्कि राष्ट्र की सेवा का सबसे ऊँचा मार्ग है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा गरीबों के लिए चलाई गई योजनाओं, जैसे आवास, शौचालय, गैस सिलेंडर, और आयुष्मान योजना की सराहना की।
बीजेपी जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन एक साधारण परिवार से निकलकर असाधारण ऊँचाइयों तक पहुँचने का एक अनोखा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि मोदी जी का पूरा जीवन राष्ट्र को समर्पित रहा है और वे आज न केवल भारत के, बल्कि पूरे विश्व के लिए प्रेरणा बन गए हैं।
जीएसटी और आर्थिक सुधार
चंद्रशेखर रघुवंशी ने आर्थिक क्षेत्र में किए गए सुधारों पर भी बात की। उन्होंने जीएसटी दरों में कटौती को मोदी सरकार की दूरदर्शिता का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि इससे न केवल व्यापारियों और उद्योगों को राहत मिली है, बल्कि आम लोगों को भी इसका फायदा हुआ है। उन्होंने कहा कि जीएसटी सुधारों ने कर व्यवस्था को सरल और पारदर्शी बनाया है, जिससे ‘ईज ऑफ डूइंग बिजऩेस’ को बढ़ावा मिला है।
कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प
जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के माध्यम से सभी बीजेपी कार्यकर्ताओं ने यह संकल्प लिया है कि वे प्रधानमंत्री मोदी के सपनों के अनुरूप नया भारत बनाने के लिए समाज के हर वर्ग तक सेवा की भावना लेकर पहुँचेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि कार्यकर्ता उनके नेतृत्व में भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में निरंतर काम करते रहेंगे।
इस कार्यक्रम में बीजेपी जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, सीहोर विधायक सुदेश राय, जिला महामंत्री धारासिंह पटेल, नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर सहित कई रिटायर्ड प्रोफेसर, उद्योगपति, व्यापारी, पूर्व सैनिक और समाजसेवी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री जितेंद्र गौड़ ने किया।
